टेंट में सो रहे युवक की बेरहमी से हत्या, सिर पर धारदार हथियार से किए ताबड़तोड़ वार
घर से महज 50 मीटर दूर टेंट में सो रहे थे हिम्मत सिंह कोरंगा, सिर पर मिले धारदार हथियार के गहरे घाव; घटना से क्षेत्र में सनसनी
पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गोरीपार क्षेत्र की ग्राम पंचायत फाफा के तोक बजीखरक में भेड़ों की रखवाली कर रहे 38 वर्षीय व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह टेंट के अंदर उनका खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार बजीखरक निवासी हिम्मत सिंह कोरंगा (38) पुत्र पुष्कर सिंह गुरुवार शाम घर पर खाना खाने के बाद भेड़ों की रखवाली के लिए निकले थे। उनका टेंट घर से करीब 50 से 60 मीटर की दूरी पर था। रात में वह टेंट के भीतर ही सो रहे थे। शुक्रवार सुबह काफी देर तक हिम्मत सिंह के घर नहीं लौटने पर परिजन और ग्रामीण उन्हें देखने टेंट पहुंचे। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। हिम्मत सिंह का शव टेंट में पड़ा था और उनके सिर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे घाव थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा। इस वारदात से मुनस्यारी के गोरीपार क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

