खेलदेशनवीनतम

हल्द्वानी के लक्ष्य रायचंदानी की कप्तानी में भारत बना अंडर-19 एशिया कप चैंपियन, आखिरी गेंद पर पाकिस्तान को दी शिकस्त

ख़बर शेयर करें -

फाइनल में लक्ष्य ने खेली 80 रनों की कप्तानी पारी, भारत की ऐतिहासिक जीत पर हल्द्वानी की जीएनजी क्रिकेट एकेडमी में मना जश्न

हल्द्वानी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले हल्द्वानी के युवा क्रिकेटर लक्ष्य रायचंदानी ने अपनी कप्तानी और शानदार बल्लेबाजी के दम पर भारत को अंडर-19 एशिया कप का चैंपियन बना दिया। ओमान में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को अंतिम गेंद पर एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद हल्द्वानी स्थित लक्ष्य की क्रिकेट एकेडमी जीएनजी क्रिकेट एरिना में युवा खिलाड़ियों ने जमकर जश्न मनाया।

Ad

फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट खोकर 337 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने 107 और अब्दुल कादिर ने 80 रनों की शानदार पारियां खेलीं। भारत की ओर से काव्य पटेल ने चार और सी. वेंकट ने तीन विकेट हासिल किए।

338 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए संभाला। लक्ष्य ने पांच चौकों की मदद से 80 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। उनके अलावा आर्यवीर सहवाग ने 58 और मनल चौहान ने 47 रन बनाए। एक समय मुकाबला पाकिस्तान की ओर झुकता नजर आ रहा था, लेकिन 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे मोहित उल्वा ने 26 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाकर मैच का रुख पलट दिया। अंतिम गेंद पर चौका लगाकर उन्होंने भारत को एक विकेट से यादगार जीत दिला दी।

नौ साल की उम्र में शुरू किया था क्रिकेट का सफर

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा निवासी लक्ष्य रायचंदानी नौ वर्ष की उम्र में अपने पिता के साथ हल्द्वानी आए थे। उनके पिता उन्हें जीएनजी क्रिकेट एकेडमी लेकर पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय कोच अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में क्रिकेट की बारीकियां सीखीं और लगातार अपने खेल को निखारा। आज लक्ष्य की कप्तानी में भारतीय टीम को एशिया कप का खिताब दिलाने से हल्द्वानी की क्रिकेट प्रतिभा को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।

क्रिकेट जगत ने दी बधाई

लक्ष्य की इस उपलब्धि पर बीसीसीआई के पूर्व उपाध्यक्ष महिम वर्मा, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष दीपक मेहरा, सचिव किरण वर्मा, जिला नैनीताल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित हृदयेश, कोषाध्यक्ष कमल पपने, अल्मोड़ा के सचिव हर्ष गोयल, जीएनजी क्रिकेट एरिना हल्द्वानी के प्रबंधक दिग्विजय कनवाल, पूजा कांडपाल, लीला कांडपाल, नरेंद्र अधिकारी, आनंद बिष्ट, मनोज भट्ट और कोच सन्नी कुमार ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

भारत की यह अंडर-19 एशिया कप में नौवीं खिताबी जीत है। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने ग्रुप चरण में पाकिस्तान के हाथों मिली हार का बदला भी चुकता कर दिया। आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में मिली इस जीत ने लक्ष्य रायचंदानी और पूरी भारतीय टीम को यादगार उपलब्धि दिलाई।

Ad