राजकीय इंटर कॉलेज किमतोली में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम, विद्यार्थियों को बताए सफलता के गुर
प्रोजेक्टर के जरिए दिखाई गईं प्रेरणादायक वीडियो, विद्यालय को भेंट किए हारमोनियम, तबला समेत विभिन्न वाद्य यंत्र
चम्पावत। सीमांत क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा, करियर और रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से बलिदानी सैनिक शिरोमणि चिलकोटी बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट ट्रस्ट की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज किमतोली में करियर काउंसलिंग एवं विद्यार्थी प्रेरणा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी देने के साथ ही लक्ष्य निर्धारण, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का प्रायोजन कुमाऊं इंस्ट्रूमेंट एंड इंजीनियरिंग सर्विसेज के स्वामी बंशीधर चिलकोटी ने किया। उन्होंने विद्यालय को संगीत शिक्षा और विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हारमोनियम, तबला सहित विभिन्न वाद्य यंत्र भेंट किए।

प्रोजेक्टर से दी करियर विकल्पों की जानकारी
कार्यक्रम में प्रोजेक्टर के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरणादायक एवं शैक्षिक वीडियो दिखाई गईं। इनके जरिए उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप करियर चुनने के लिए प्रेरित किया गया।
जनार्दन चिलकोटी ने दिए सफलता के मंत्र
ट्रस्ट के संस्थापक जनार्दन चिलकोटी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन, समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास बेहद जरूरी हैं। उन्होंने बैंकिंग सेवा और ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में अपने कार्य अनुभव साझा करते हुए शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार के बदलते अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने सपनों को साकार करने के लिए योजनाबद्ध ढंग से मेहनत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के सह-संस्थापक नारायण दत्त चिलकोटी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रेमा चिलकोटी (सभासद, छतार वार्ड, नगर पालिका परिषद चम्पावत) तथा कार्यक्रम प्रायोजक एवं सीएसआर समन्वयक बंशीधर चिलकोटी ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा, प्रतिभा विकास और सकारात्मक सोच के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य सतीश जोशी, सहायक अध्यापक कैलाश गिरी, कार्यक्रम संचालक दिनेश जोशी, महरोज मियां, भूपेंद्र सिंह देव ‘ताऊ’, आशा राय, पुष्कर राम, सोनिका, इंदु जोशी, सीमा पाण्डेय, प्रकाश कुमार, भगवती प्रसाद तथा शिक्षक-अभिभावक संघ के अध्यक्ष माधो सिंह अधिकारी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कहा कि सीमांत एवं ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण करियर मार्गदर्शन, कौशल विकास, स्वरोजगार और उच्च शिक्षा के अवसरों से जोड़ने के लिए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

