नवीनतमनैनीतालहादसा

हल्द्वानी में गौला फ्लाईओवर पर रफ्तार का कहर, कार पलटने से दो युवकों की मौत; युवक-युवती गंभीर

ख़बर शेयर करें -

डिवाइडर से टकराने के बाद पलटी कार के उड़े परखच्चे, चार लोग थे सवार; एसटीएच में दो को मृत घोषित किया, घायलों की पहचान का इंतजार

हल्द्वानी। हल्द्वानी के गौला फ्लाईओवर पर शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। काठगोदाम से लालकुआं की ओर जा रही कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना शुक्रवार शाम करीब चार बजे हुई। कार संख्या UK02A2544 में एक युवती और तीन युवक सवार थे। बताया जा रहा है कि गौला फ्लाईओवर पर चलते समय कार अचानक अनियंत्रित हो गई। डिवाइडर से टकराने के बाद कार पलट गई, जिससे उसमें सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।


हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवक और युवती की हालत गंभीर बताई गई है। दोनों का उपचार जारी है।

एसपी सिटी हरबंस सिंह के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। घायल युवक और युवती का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उनके होश में आने के बाद दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल मृतकों और घायलों के नाम, उम्र तथा पते की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।