चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

आदर्श चम्पावत को मिली दो बड़ी सौगातें: नवोदय विद्यालय में बनेगा आधुनिक ओपन जिम, कठाड़ कमेला के मार्गों का होगा कायाकल्प

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत, 8 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “आदर्श चम्पावत” विजन को आगे बढ़ाते हुए जनपद को विकास की दो महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। शासन ने एक ओर जवाहर नवोदय विद्यालय, लटौली में आधुनिक ओपन जिम निर्माण के लिए 99.44 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है, वहीं दूसरी ओर ग्राम पंचायत कठाड़ कमेला के मुख्य मार्गों पर 55.16 लाख रुपये की लागत से 4.870 किलोमीटर सीसी इंटरलॉकिंग टाइल्स मार्ग निर्माण को भी मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री घोषणा संख्या-421/2023 के तहत जवाहर नवोदय विद्यालय, लटौली में विद्यार्थियों की शारीरिक फिटनेस और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अत्याधुनिक ओपन जिम बनाया जाएगा। शासनादेश के अनुसार कुल स्वीकृत राशि में से 59.664 लाख रुपये (60 प्रतिशत) की प्रथम किश्त वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिलाधिकारी चम्पावत के निवर्तन पर उपलब्ध करा दी गई है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत यह राशि कार्यदायी संस्था को हस्तांतरित की जाएगी, जिससे निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो सके।

Ad Ad

ओपन जिम बनने से विद्यालय के छात्र-छात्राओं को नियमित व्यायाम, शारीरिक दक्षता, खेल संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनके सर्वांगीण विकास को नई गति मिलेगी।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री घोषणा संख्या-19/2026 के तहत ग्राम पंचायत कठाड़ कमेला के मुख्य मार्गों का भी कायाकल्प किया जाएगा। 55.16 लाख रुपये की लागत से 4.870 किलोमीटर लंबाई तक सीसी इंटरलॉकिंग टाइल्स मार्ग का निर्माण होगा। परियोजना के पूरा होने पर ग्रामीणों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा बरसात के दौरान कीचड़ और जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शासन से स्वीकृति मिलने के बाद दोनों परियोजनाओं पर शीघ्र कार्य प्रारंभ कराया जाएगा तथा गुणवत्ता और प्रगति की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय में आधुनिक ओपन जिम की स्थापना शिक्षा एवं खेल अवसंरचना को मजबूत करेगी, जबकि कठाड़ कमेला में सड़क निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र की आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ होंगी। इससे विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और किसानों को विशेष लाभ मिलेगा तथा सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी स्वीकृत विकास कार्यों को गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाएगा, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके। दोनों परियोजनाएं मुख्यमंत्री के “आदर्श चम्पावत” के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।