जौलजीबी मेले में बवाल: कांग्रेस विधायक हरीश धामी समेत छह नामजद, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
सीएम धामी के कार्यक्रम के बाद मंच पर चढ़कर की थी नारेबाजी, तोड़फोड़ और पुलिस से धक्का-मुक्की के आरोप; बीएनएस की पांच धाराओं में कार्रवाई
धारचूला/पिथौरागढ़। भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदी के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के बाद हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने धारचूला से कांग्रेस विधायक एवं मेला समिति अध्यक्ष हरीश सिंह धामी समेत छह नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि विधायक और उनके समर्थकों ने मेले के मंच पर तोड़फोड़ करने के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई।
जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया था। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनता को संबोधित किया और फिर मंच से चले गए। इस दौरान धारचूला विधायक एवं मेला समिति अध्यक्ष हरीश धामी को मंच पर बोलने का अवसर नहीं मिला। विधायक ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने न तो उनकी बात सुनी और न ही उन्हें जनता के सामने अपनी बात रखने का मौका दिया।

इससे नाराज विधायक हरीश धामी अपने समर्थकों के साथ मंच पर पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस को मिली तहरीर के अनुसार, इस दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग करने के साथ मंच पर तोड़फोड़ की गई। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने संबंधित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उनके साथ अन्य लोगों से भी धक्का-मुक्की की गई और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की गई।
घटना के विरोध में देर शाम भाजपा कार्यकर्ताओं ने जौलजीबी कोतवाली में प्रदर्शन कर धरना दिया और विधायक व उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक हरीश सिंह धामी के अलावा राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया और विक्रम दानू समेत अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी।
जौलजीबी कोतवाली पुलिस ने मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए विधायक हरीश सिंह धामी समेत छह नामजद और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 121(1), 132, 191(2), 324(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जौलजीबी कोतवाल हरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मामले में जांच और विवेचनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस निष्पक्ष जांच करते हुए उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी।

