ज्ञानखेड़ा रामलीला समिति ने खोया अपना ‘अंगद’, दिलीप दा के निधन से शोक की लहर
सामाजिक कार्यकर्ता एवं रामलीला के चर्चित कलाकार दिलीप सिंह का 60 वर्ष की उम्र में निधन, पुत्र चंदन ने दी मुखाग्नि
टनकपुर/चम्पावत। रामलीला के मंच पर अंगद और विभीषण के दमदार संवादों से दर्शकों की तालियां बटोरने वाली आवाज अब हमेशा के लिए खामोश हो गई। उत्तरांचल रामलीला समिति ज्ञानखेड़ा से जुड़े रहे विष्णुपुरी कॉलोनी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता एवं कलाकार दिलीप सिंह (60) का शनिवार रात भोजीपुरा स्थित श्री राम मूर्ति स्मारक अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर से टनकपुर में शोक की लहर दौड़ गई।
नगर में ‘दिलीप दा’ के नाम से लोकप्रिय दिलीप सिंह पेशे से कंपाउंडर थे। उन्होंने लंबे समय तक विभिन्न निजी अस्पतालों में सेवाएं दीं। सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने के साथ ही उन्हें रामलीला मंचन से विशेष लगाव था। ज्ञानखेड़ा की रामलीला में अंगद और विभीषण के किरदारों में उनके प्रभावशाली अभिनय और बुलंद आवाज को दर्शक खूब पसंद करते थे। उनके संवादों पर रामलीला का पंडाल तालियों से गूंज उठता था।
रविवार को शारदा घाट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। पुत्र चंदन सिंह ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में नगर और क्षेत्र के अनेक लोगों ने शामिल होकर दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित की। उत्तरांचल रामलीला समिति ज्ञानखेड़ा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

