कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई भिड़ंत, काले झंडे दिखाने के दौरान जमकर हंगामा
भूमि बचाओ, धामी हटाओ कार्यक्रम में जा रहे गणेश गोदियाल के काफिले के दौरान झड़प; भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल से मारपीट का आरोप, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप
मसूरी/देहरादून। जॉर्ज एवरेस्ट स्थित हाथीपांव में भूमि बचाओ, धामी हटाओ कार्यक्रम के तहत धरना देने जा रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के काफिले के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हंगामा हो गया। कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गणेश गोदियाल को काले झंडे दिखाए। इसी दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। विवाद के दौरान मसूरी भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भाजपा कार्यकर्ता गणेश गोदियाल को काले झंडे दिखाकर विरोध जता रहे थे। इसी बीच कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद बढ़ गया। भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया कि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और उनके साथियों ने रजत अग्रवाल पर अचानक हमला कर दिया।
कपड़े फाड़ने और लाठियों से वार करने का आरोप
भाजपा नेताओं का आरोप है कि मारपीट के दौरान रजत अग्रवाल के कपड़े फाड़ दिए गए और उन पर लाठियों से भी वार किया गया। घटना के बाद दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और झड़प होती रही। अचानक हुए घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मसूरी पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को शांत कराने का प्रयास किया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
भाजपा ने प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही
घटना को लेकर मसूरी भाजपा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के व्यवहार की कड़ी निंदा की। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता राजनीतिक गुंडागर्दी को बढ़ावा देकर मसूरी का शांतिपूर्ण माहौल खराब करना चाहते हैं। रजत अग्रवाल के साथ कथित मारपीट को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है।
भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
कांग्रेस ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि धरने में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ को देखकर भाजपा बौखला गई है। कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया गया कि भाजपा बेवजह के आरोप लगाकर राजनीतिक माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल घटना को लेकर दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने आने का इंतजार है।

