चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

लोहाघाट में टैक्सी चालक के साथ बर्बरता! जूते की माला पहनाकर की मारपीट, वीडियो वायरल

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट/चम्पावत। चम्पावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां कुछ टैक्सी चालकों ने मिलकर एक अनुसूचित वर्ग के टैक्सी चालक के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि उसे जूतों की माला पहनाकर सरेआम अपमानित भी किया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में भारी आक्रोश है।

मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित चालक डुंगरा बोरा क्षेत्र का निवासी है और लोहाघाट से दिल्ली के बीच टैक्सी चलाता है। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर जब वह सवारियां लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ, तभी लोहाघाट के देवराड़ी बैंड के पास अन्य दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि पीड़ित चालक सवारियों से तय बाजार दर से कम किराया ले रहा था। इसी बात से नाराज होकर अन्य चालकों ने उसके साथ गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी चालकों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए पीड़ित के गले में जूतों की माला डाल दी। इतना ही नहीं, विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया ताकि वह किसी से मदद न मांग सके।

Ad Ad

इस घटना के बाद से पीड़ित चालक और उसका परिवार गहरे सदमे और भय में है। पीड़ित की पत्नी और ग्रामीणों ने इस कृत्य पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि पीड़ित फिलहाल दिल्ली में है और लोहाघाट लौटते ही वह पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर देंगे। दूसरी ओर, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले का संज्ञान ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। लोगों का कहना है कि अगर किराए को लेकर कोई विवाद था, तो उसे बैठकर सुलझाया जा सकता था, लेकिन इस तरह सरेआम किसी का मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से दिल्ली रूट पर चलने वाले वाहनों के किराए की जांच करने और मनमानी वसूली पर लगाम लगाने की भी मांग की है।

Ad