जनपद स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरू, 18 टीमों ने लिया हिस्सा
टनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंडर-17 और अंडर-21 बालक वर्ग के मुकाबले, पहले दिन लोहाघाट और टनकपुर स्टेडियम चैंप्स ने दर्ज की जीत
टनकपुर/चम्पावत। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में स्वर्गीय कैलाश गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम, टनकपुर में जनपद स्तरीय अंडर-17 एवं अंडर-21 बालक वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। खेल निदेशालय उत्तराखण्ड के सौजन्य और जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिला खेल कार्यालय चम्पावत की ओर से आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार ने किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और राज्य स्थापना दिवस को खेल गतिविधियों के माध्यम से उत्साहपूर्वक मनाना है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के युवाओं को खेल और फिटनेस के प्रति प्रोत्साहित करने के विजन के तहत आयोजित प्रतियोगिता में जिलेभर की 18 टीमों ने प्रतिभाग किया। वॉलीबॉल प्रशिक्षक आशा पांडे के अनुसार, अंडर-17 वर्ग में 10 और अंडर-21 वर्ग में 8 टीमें शामिल हैं। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-21 वर्ग में बनबसा किंग्स-B और लोहाघाट के बीच हुए मुकाबले में लोहाघाट ने 2-0 से जीत दर्ज की। वहीं, अंडर-17 वर्ग में ग्लोरियस एकेडमी बनबसा के खिलाफ टनकपुर स्टेडियम चैंप्स की टीम विजयी रही। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले अगले दिन खेले जाएंगे।


मैचों का संचालन निर्णायक मंडल के सदस्य उमेश पांडे, अमन जोशी, निगम, केवल, मोहित और रिया ने किया। इस दौरान युवामोर्चा जिलाध्यक्ष मुकेश जोशी, दीपक पचौली, स्टेडियम प्रभारी गौरव खोलिया, स्पोर्ट्स हॉस्टल बॉक्सिंग प्रशिक्षक ललित मोहन कुँवर, सूरज पांडे, प्रकाश सिंह, मनोज टकवाल, आकाश, राजेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह धामी, अनमोल, खस्ती बोहरा, सुनील जोशी, हीरा गिरी और राकेश जोशी सहित खेल प्रेमी व स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।


