धनतेरस-दीपावली पर चम्पावत पुलिस अलर्ट, एसपी रेखा यादव ने दिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए थाना प्रभारियों और अग्निशमन अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, बाजारों में महिला पुलिस की तैनाती और सघन चेकिंग के निर्देश
चम्पावत। धनतेरस और दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए चम्पावत पुलिस अलर्ट हो गई है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने 4 नवंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के क्षेत्राधिकारियों, समस्त प्रभारी निरीक्षकों, थानाध्यक्षों और अग्निशमन अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने त्योहारों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस की प्रभावी उपस्थिति बनाए रखें और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बाजारों में महिला पुलिस की विशेष टीम, ज्वेलरी शॉप और बैंकों की निगरानी
बैठक में एसपी ने व्यापार मंडल, सीएलजी सदस्यों, ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों और टैक्सी चालकों के साथ समन्वय बैठकें कर सुरक्षा एवं यातायात संबंधी समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजारों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर सायंकालीन समय में महिला पुलिस कर्मियों की विशेष टीम तैनात कर नियमित गश्त एवं निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। ज्वेलरी शॉप, बैंक, एटीएम और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरक्षा उपकरणों को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए।


पटाखों की दुकानों पर विशेष निगरानी
एसपी ने पटाखों की दुकानें केवल निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही लगाने के निर्देश दिए। दुकानों के 50 से 100 मीटर के दायरे में आतिशबाजी, ज्वलनशील सामग्री अथवा आग उत्पन्न करने वाले उपकरणों के प्रयोग पर रोक सुनिश्चित करने को कहा।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारियों को पटाखों की दुकानों और संवेदनशील प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सघन चेकिंग, सत्यापन और यातायात व्यवस्था पर जोर
त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एसपी ने निम्न निर्देश दिए—
- संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित चेकिंग की जाए।
- होटल, ढाबों, होमस्टे और किरायेदारों का सत्यापन अभियान प्रभावी रूप से चलाया जाए।
- बाजारों, प्रमुख चौराहों, बस अड्डों और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए।
- नियमित पैदल गश्त और पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए।
- भीड़भाड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए आवश्यकतानुसार डायवर्जन एवं पार्किंग की व्यवस्था की जाए।
- किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सभी अधिकारी तैयार रहें और संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखें।
पुलिस की अपील: संदिग्ध गतिविधि की सूचना 112 पर दें
चम्पावत पुलिस की ओर से जनपदभर में सघन चेकिंग, सत्यापन, गश्त और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि लोग सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना सकें। पुलिस ने आमजन से दीपावली एवं धनतेरस का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 पर देने को कहा गया है।

