बनबसा के कठुवापाती में प्रस्तावित सिडकुल का डीएम ने किया निरीक्षण, भूमि चयन अंतिम चरण में
सीमांकन, एप्रोच रोड और लेआउट प्लान पर हुई चर्चा, सिडकुल की स्थापना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद
बनबसा/चम्पावत। जनपद चम्पावत में प्रस्तावित सिडकुल की स्थापना की दिशा में प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुवार को एसडीएम टनकपुर प्रमोद कुमार के साथ बनबसा के कठुवापाती में प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान भूमि की उपलब्धता, पहुंच मार्ग और औद्योगिक गतिविधियों के लिए स्थल की उपयुक्तता का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित भूमि के सीमांकन, एप्रोच रोड, वृक्षों के नियमानुसार प्रत्यारोपण और भूमि के बेहतर उपयोग सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। साथ ही प्रस्तावित सिडकुल के लेआउट प्लान और उपलब्ध भूमि के अनुरूप आवश्यक सुविधाओं के विकास की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

भूमि चयन अंतिम चरण में
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि स्थल चयन के दौरान सुगम पहुंच मार्ग, निर्धारित मानकों के अनुरूप भूमि की उपलब्धता और भविष्य में औद्योगिक इकाइयों के विस्तार की संभावनाओं को ध्यान में रखा जा रहा है। प्रस्तावित स्थल पर बेहतर कनेक्टिविटी और जरूरी आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी विचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भूमि चयन संबंधी कार्य अंतिम चरण में है। मुख्यमंत्री की घोषणा को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए प्रस्तावित स्थलों की उपलब्धता एवं उपयुक्तता का परीक्षण किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कार्यवाही आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
स्थानीय युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर
प्रस्तावित सिडकुल की स्थापना से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित हो सकेंगे। साथ ही स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहन मिलने और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलने की संभावना है। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

