चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

धनतेरस-दीपावली पर चम्पावत में विशेष ट्रैफिक प्लान, 6 से 8 नवंबर तक लागू रहेगा डायवर्जन

ख़बर शेयर करें -

बाजार में भीड़ को देखते हुए पुलिस ने जारी की यातायात और पार्किंग व्यवस्था, जीआईसी चौक से आरएफसी गोदाम होते हुए जाएंगे पिथौरागढ़-लोहाघाट के वाहन

चम्पावत। धनतेरस एवं दीपावली पर्व पर बाजार में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए चम्पावत पुलिस ने विशेष यातायात प्लान जारी किया है। नगर क्षेत्र में 6 से 8 नवंबर 2026 तक यातायात डायवर्जन और पार्किंग की निर्धारित व्यवस्था लागू रहेगी। पुलिस ने आमजन से निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का पालन करने की अपील की है। त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा, सुगम यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जारी प्लान के तहत विभिन्न मार्गों पर वाहनों का संचालन और पार्किंग निर्धारित की गई है।

Ad Ad

यह रहेगी यातायात व्यवस्था

  • टनकपुर-बनबसा से लोहाघाट-पिथौरागढ़ जाने वाले वाहन: पूर्व निर्धारित मार्ग से ही संचालित होंगे।
  • पिथौरागढ़-लोहाघाट से टनकपुर-बनबसा जाने वाले वाहन: जीआईसी चौक से डायवर्ट होकर आरएफसी गोदाम होते हुए कार्की तिराहे से अपने गंतव्य को जाएंगे।
  • सड़क किनारे पार्किंग प्रतिबंधित: टीआरसी तिराहे से जीआईसी तिराहे के बीच किसी भी चौपहिया वाहन की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
  • टैक्सी वाहनों की पार्किंग: चम्पावत मार्केट में टैक्सियों का संचालन और पार्किंग नहीं होगी। टनकपुर एवं स्थानीय रूट की टैक्सियां टीआरसी तिराहे से नीचे टनकपुर की ओर तथा लोहाघाट-पिथौरागढ़ रूट की टैक्सियां शिवा रेजिडेंसी के आगे निर्धारित स्थान पर खड़ी होंगी।
  • बाजार आने वाले चौपहिया वाहन: खरीदारी के लिए आने वाले वाहन भैरवा तिराहा पार्किंग और टीआरसी पार्किंग में खड़े किए जाएंगे।
  • गोरलचौड़ जाने वाले वाहन: गोरलचौड़ की ओर जाने वाले सभी चौपहिया वाहन टीआरसी पार्किंग में खड़े होंगे।
  • गोरलचौड़ मार्ग पर प्रतिबंध: टीआरसी तिराहे से गोरलचौड़ की ओर चौपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
  • सड़क किनारे पार्किंग पर रोक: टीआरसी तिराहे से गोरलचौड़ के बीच सड़क किनारे किसी भी प्रकार के वाहन की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।

पुलिस की आमजन से अपील

चम्पावत पुलिस ने वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों से निर्धारित यातायात डायवर्जन एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें। त्योहारों के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सहयोग प्रदान करने की अपील करते हुए पुलिस ने कहा कि आमजन के सहयोग से यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखा जा सकता है।