चम्पावत के नए सीएमओ बने डॉ. घनश्याम तिवारी, टनकपुर अस्पताल की कमान डॉ. प्रभा जोशी को
पदोन्नति के बाद डॉ. तिवारी ने 5 नवंबर को संभाला कार्यभार, 31 दिसंबर को होंगे सेवानिवृत्त; टनकपुर उप जिला अस्पताल की नई सीएमएस बनीं वरिष्ठ सर्जन डॉ. प्रभा जोशी
चम्पावत/टनकपुर। चम्पावत जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में प्रशासनिक बदलाव हुआ है। डॉ. घनश्याम तिवारी ने जिले के नए मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) के रूप में 5 नवंबर को कार्यभार ग्रहण कर लिया है। वहीं, उनके स्थानांतरण के बाद टनकपुर उप जिला अस्पताल की मुख्य चिकित्साधीक्षक (सीएमएस) की जिम्मेदारी वरिष्ठ सर्जन डॉ. प्रभा जोशी को सौंपी गई है।
शासन ने 21 अक्टूबर को डॉ. घनश्याम तिवारी को पदोन्नति के साथ चम्पावत स्थानांतरित करने का आदेश जारी किया था। इससे पहले वह टनकपुर उप जिला अस्पताल में मुख्य चिकित्साधीक्षक के पद पर कार्यरत थे। चम्पावत में अब तक सीएमओ की जिम्मेदारी संभाल रहे डॉ. देवेश चौहान ने नवागत सीएमओ का स्वागत किया। इस दौरान एसीएमओ डॉ. इंद्रजीत पांडेय और सीएमओ कार्यालय के कार्मिक भी मौजूद रहे। डॉ. घनश्याम तिवारी ने कहा कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि उनका सीएमओ के रूप में कार्यकाल करीब दो माह का रहेगा। वह आगामी 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त होंगे।


टनकपुर अस्पताल की नई सीएमएस बनीं डॉ. प्रभा जोशी
डॉ. घनश्याम तिवारी के पदोन्नति के साथ स्थानांतरण के बाद टनकपुर उप जिला अस्पताल के प्रशासनिक मुखिया की जिम्मेदारी वरिष्ठ सर्जन डॉ. प्रभा जोशी को सौंपी गई है। वह अब अस्पताल की नई मुख्य चिकित्साधीक्षक होंगी। 5 नवंबर को डॉ. प्रभा जोशी ने प्रशासनिक जिम्मेदारी संभाली। इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ ने उनका स्वागत किया।
चम्पावत जिले के मैदानी क्षेत्र का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण अस्पताल होने के कारण टनकपुर उप जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर बड़ी आबादी निर्भर है। डॉ. प्रभा जोशी ने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम और बेहतर उपयोग करते हुए आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काम किया जाएगा।

