नशे में धुत ड्राइवर ने 13 वर्षीय छात्र को थमा दिया बोलेरो का स्टेयरिंग, वाहन पलटने से मची चीख-पुकार
गंगोलीहाट में शैक्षिक भ्रमण से लौट रहे थे 11 छात्र-छात्राएं, घाट के पास बोल्डर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुई बोलेरो; चालक की मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि
पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट में लापरवाही और गैरजिम्मेदारी का गंभीर मामला सामने आया है। यहां नशे में धुत एक बोलेरो चालक ने शैक्षिक भ्रमण से लौट रहे 13 वर्षीय स्कूली छात्र को वाहन का स्टेयरिंग थमा दिया। नाबालिग छात्र वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया और बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बोल्डर से टकराकर पलट गई। हादसे में सात छात्र-छात्राओं सहित चालक घायल हो गए। गनीमत रही कि वाहन खाई में नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार, विवेकानंद स्कूल गंगोलीहाट के छात्र-छात्राएं एक कोचिंग संस्थान के माध्यम से अपने शिक्षक हिमांशु उप्रेती के साथ बीते रविवार को शैक्षिक भ्रमण पर पिथौरागढ़ गए थे। इस दौरान बच्चों ने गुरना मंदिर और चंडाक क्षेत्र का भ्रमण किया। भ्रमण समाप्त होने के बाद शिक्षक दूसरी गाड़ी से रवाना हो गए, जबकि 11 छात्र-छात्राएं चालक गणेश बुंगला के साथ बोलेरो में सवार होकर लौट रहे थे।
आरोप है कि चालक गणेश बुंगला शराब के नशे में धुत था। उसने सफर के दौरान अपने बगल में बैठे 13 वर्षीय नाबालिग छात्र को बोलेरो का स्टेयरिंग थमा दिया। छात्र वाहन को संभाल नहीं पाया और पिथौरागढ़ से करीब 30 किलोमीटर दूर घाट के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक बोल्डर से टकरा गई। टक्कर के बाद वाहन पलट गया और उसमें सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में कुमतोला निवासी शशि (16), बुंगली निवासी तेजस (13), पाताल भुवनेश्वर निवासी कुमकुम बिष्ट (16), हर्षित (15), प्रियांशु (16), रिया (16) और चालक गणेश बुंगला घायल हुए।
पुलिस ने छात्र-छात्राओं से पूछताछ की तो उन्होंने चालक के नशे में होने और एक नाबालिग को स्टेयरिंग सौंपने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि हुई। पुलिस ने बच्चों की जान जोखिम में डालने और नशे में वाहन चलाने के मामले में चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
इस घटना ने स्कूली बच्चों के शैक्षिक भ्रमण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और वाहन चालकों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस चालक पर बच्चों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी थी, उसी पर नशे की हालत में एक नाबालिग को वाहन चलाने देने का आरोप है।

