कार की टक्कर से घायल सड़क मजदूर की मौत, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
लोहाघाट-खेतीखान सड़क पर हॉटमिक्स कार्य के दौरान हुआ था हादसा, हायर सेंटर ले जाते समय बस्तिया के पास तोड़ा दम; सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
लोहाघाट/चम्पावत। लोहाघाट-खेतीखान सड़क पर कार की टक्कर से घायल मजदूर की मौत हो गई। 40 वर्षीय मनोज शर्मा ने हायर सेंटर ले जाते समय बस्तिया के पास दम तोड़ दिया। वह परिवार में इकलौता कमाने वाला था। उसकी मौत से तीन बेटियों और एक बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया। हादसे के बाद सड़क निर्माण के दौरान मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना 26 अक्टूबर की सुबह लोहाघाट के कोलीढेक क्षेत्र में शिवा होटल के पास हुई। जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क पर हॉटमिक्स का कार्य कराया जा रहा था। डामरीकरण के बाद किशनगंज, बिहार निवासी मनोज शर्मा पुत्र लोकमान शर्मा सड़क पर चूने का छिड़काव कर रहा था। इसी दौरान लोहाघाट की ओर आ रही एक ब्रेजा कार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। हादसे के बाद मनोज को लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। 27 अक्टूबर को अचानक तबीयत बिगड़ने पर समाजसेवी सचिन जोशी की मदद से उसे हायर सेंटर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मजदूर की मौत की सूचना उसके साथियों और ठेकेदार ने लोहाघाट थाने में दी। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

चार बच्चों के पालन-पोषण का संकट
मनोज मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी तीन बेटियां और एक बेटा हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसकी मौत से परिजनों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। साथी मजदूरों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा पर सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर चल रहे निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि कार्यस्थल पर चेतावनी बोर्ड और बैरियर जैसे जरूरी इंतजाम होने चाहिए, ताकि वाहन चालकों को पहले से सतर्क किया जा सके और मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।

