चम्पावत में अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, बनबसा-लोहाघाट में दो गिरफ्तार
बनबसा में नेपाली ब्रांड की 150 बोतल और 48 टेट्रा पैक बरामद, लोहाघाट के रेस्टोरेंट काउंटर से मिले माल्टा मार्का शराब के 100 पव्वे
चम्पावत। जनपद में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बनबसा और लोहाघाट में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 298 पैकेट, पव्वे और बोतल शराब बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 26 अक्टूबर को बनबसा पुलिस ने गड़ीगोठ जाने वाले निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे कच्चे रास्ते पर चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को अवैध शराब के साथ पकड़ा। पुलिस ने उसके कब्जे से 48 टेट्रा पैक देसी मसालेदार शराब और 300 मिलीलीटर की 150 बोतल कर्णाली नेपाली मार्का शराब बरामद की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीव पुत्र हर प्रसाद, निवासी वार्ड नंबर-7, बैंक ऑफ बड़ौदा के पीछे, खटीमा, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। बनबसा थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 88/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में अपर उपनिरीक्षक धीरेंद्र सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल नईम कुरैशी और कांस्टेबल पंकज सिंह शामिल रहे।


रेस्टोरेंट के काउंटर से बरामद हुई शराब
दूसरी कार्रवाई में लोहाघाट पुलिस ने बोहरा होटल/रेस्टोरेंट में चेकिंग के दौरान काउंटर से 100 पव्वे टेट्रा पैक देसी शराब (माल्टा मार्का) बरामद की। पुलिस ने मौके से रवींद्र कुमार पुत्र किशोर कुमार, निवासी ग्राम नरसिंह डाणा, जनपद चम्पावत को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना लोहाघाट में धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष लोहाघाट ओम प्रकाश के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कुंदन बोहरा, अपर उपनिरीक्षक धर्मेंद्र प्रसाद, कांस्टेबल संजय साहनी और कांस्टेबल पवन भट्ट शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, जनपद में अवैध शराब की तस्करी, बिक्री और अनधिकृत रूप से शराब परोसने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

