उत्तराखण्डनवीनतमराजनीति

खानपुर विधायक उमेश कुमार कल देंगे इस्तीफा! बोले- विपक्ष ने किया निराश, बनाएंगे अपनी पार्टी

ख़बर शेयर करें -

भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र के पहले दिन बड़ा ऐलान, बोले- भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ लड़ाई के लिए 8 से 10 सीटों पर चुनाव लड़ाने की तैयारी

गैरसैंण। भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र के पहले ही दिन खानपुर विधायक उमेश कुमार ने विधायकी से इस्तीफा देने का ऐलान कर उत्तराखंड की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी। उन्होंने विपक्ष पर साथ नहीं देने का आरोप लगाते हुए अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने की दिशा में प्रयास करने की बात कही। उनके मुताबिक, वह कल इस्तीफा देंगे।

Ad Ad

उमेश कुमार ने कहा कि वह पिछले साढ़े चार साल से भ्रष्टाचार, किसानों और जनता से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष के साथ की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। उन्होंने कहा, “मेरा मन खिन्न हो चुका है। मैं दुखी और व्यथित हूं। हम जिस जनपद से आते हैं, उसकी लड़ाई भी सदन में नहीं लड़ पा रहे हैं। हमारे विधायक हमारे साथ खड़े होकर नहीं लड़ पा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि अब वह अकेले ही जनता के मुद्दों पर लड़ाई लड़ने की स्थिति में हैं। उनका प्रयास होगा कि सदन में अपने समर्थकों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि हरिद्वार के लोगों की समस्याओं को मजबूती से उठाया जा सके और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की जा सके।

8 से 10 सीटों पर चुनाव लड़ाने की तैयारी

नई राजनीतिक पार्टी बनाने के सवाल पर उमेश कुमार ने कहा कि वह इस दिशा में प्रयास करेंगे। यदि लोग महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर उनके साथ जुड़ते हैं, तो वह आगे बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि उनकी योजना 8 से 10 सीटों पर प्रत्याशी उतारने की है। जिन क्षेत्रों से लोग उनसे संपर्क करेंगे, वहां संगठन को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

बोले- उत्तराखंड में बदलाव की जरूरत

उमेश कुमार ने कहा कि उत्तराखंड की जनता सभी राजनीतिक दलों को अवसर दे चुकी है, लेकिन उनके अनुसार अपेक्षित बदलाव नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अब वह अपनी ओर से बदलाव की कोशिश करेंगे, ताकि प्रदेश के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जा सके। विधायक के इस ऐलान के बाद प्रदेश की राजनीति में उनकी अगली रणनीति को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, इस्तीफे की घोषणा और नई पार्टी बनाने की मंशा के बीच आगे की औपचारिक कार्रवाई पर नजर रहेगी।