बाराकोट के गल्लागांव में स्कूटी-बाइक की भिड़ंत, दो युवक गंभीर
आमने-सामने की टक्कर में दोनों के सिर पर आई चोटें, स्थानीय लोगों ने निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया; प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर
बाराकोट/चम्पावत। बाराकोट ब्लॉक के गल्लागांव के पास स्कूटी और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों युवकों के सिर पर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को निजी वाहन से उप जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, गल्लागांव के पास स्कूटी और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में संदीप कुमार (19) पुत्र उमेश राम, निवासी तड़ीगांव, बाराकोट और मनीष कुमार (19) पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी चामी, बाराकोट गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों के सिर में चोटें आईं। हादसे के बाद स्थानीय निवासी भुवन सिंह बोहरा, देव कालाकोटी, कमल कालाकोटी और हेम कालाकोटी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए दोनों घायलों को अपनी कार से उप जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।

