चम्पावत में 55.52 करोड़ के साइंस सेंटर का काम तेज, 20 नवंबर तक तैयार हिस्से जनता को होंगे समर्पित
डीएम मनीष कुमार ने साइंस सेंटर, चाय बागान और पर्यटन विकास कार्यों का किया निरीक्षण; चाय बागान में 19 करोड़ से विकसित हो रहीं पर्यटक सुविधाएं
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की आदर्श चम्पावत की परिकल्पना के तहत जिले में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने निर्माणाधीन साइंस सेंटर, साहसिक पर्यटन सुविधाओं और चाय बागान में चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को संसाधन बढ़ाकर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
करीब 55.52 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा साइंस सेंटर विद्यार्थियों को विज्ञान की व्यावहारिक जानकारी और प्रयोग आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा। इससे चम्पावत समेत कुमाऊं और प्रदेश के विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में सीखने के नए अवसर मिलेंगे। केंद्र के समीप साहसिक खेल एवं पर्यटन सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।
डीएम ने चाय बागान में करीब 19 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही पर्यटक सुविधाओं का भी जायजा लिया। यहां पर्यटकों के ठहरने के लिए इको हट्स, इंटरप्रिटेशन सेंटर और भ्रमण के लिए मार्ग व ट्रेल विकसित किए जा रहे हैं। इन सुविधाओं से चाय बागान को पर्यटन के प्रमुख आकर्षण के रूप में विकसित करने की योजना है।
निरीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री की उपलब्धता में बारिश से आई बाधाओं और कुछ कार्यों के लिए धन आवंटन की जरूरत का मुद्दा भी सामने आया। डीएम ने संबंधित विभागों से समन्वय कर समस्याओं का समाधान करने और निर्माण कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने कहा कि प्रयास है कि 15 से 20 नवंबर तक पूरे किए जा सकने वाले परियोजनाओं के हिस्सों को तैयार कर जनता को समर्पित किया जाए। इसके लिए अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना के साथ काम करने और नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिला पर्यटन विकास अधिकारी शानू प्रकाश, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

