करवाचौथ से पहले उजड़ा सुहाग, सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत; चार बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
बाजपुर में NH-74 पर अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, मौके पर ही दंपती की मौत; चालक की तलाश में जुटी पुलिस
बाजपुर/ऊधम सिंह नगर। करवाचौथ से ठीक एक दिन पहले एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। बाजपुर में नेशनल हाईवे-74 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे में चार बच्चों ने अपने माता-पिता को खो दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
हादसा बुधवार को दोराहा के पास नेशनल हाईवे-74 पर ओवरब्रिज के नजदीक हुआ। ग्राम कनौरा निवासी 48 वर्षीय मुन्नालाल अपनी पत्नी जोसमीन के साथ बाइक से केलाखेड़ा में रिश्तेदारी में जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ ही देर में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह है कि जोसमीन करवाचौथ पर पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखने की तैयारी कर रही थीं, लेकिन त्योहार से पहले ही दोनों की जिंदगी खत्म हो गई। दंपती की मौत से उनके चार बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाल नरेश चौहान और दोराहा चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह मेहता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त बाइक भी कब्जे में ले ली। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। वाहन की पहचान के लिए जांच जारी है।

