चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

सूखीढांग–श्यामलाताल–कांडा सड़क के सुधारीकरण को 1.01 करोड़ मंजूर

ख़बर शेयर करें -

2.990 किमी मोटर मार्ग का होगा पुनर्निर्माण, शासन से 101.53 लाख रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शासन ने विधानसभा क्षेत्र चम्पावत के सूखीढांग क्षेत्र में सूखीढांग– श्यामलाताल–कांडा मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए 101.53 लाख रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। राज्य योजना के अंतर्गत स्वीकृत इस कार्य में 2.990 किलोमीटर लंबे मार्ग का सुधार किया जाएगा। राज्य योजना के तहत होने वाले इस कार्य से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Ad Ad

मार्ग सुधरने से सूखीढांग, श्यामलाताल, कांडा और आसपास के गांवों के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंचने में सहूलियत होगी। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलने के साथ स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिल सकता है। श्यामलाताल आने वाले पर्यटकों के लिए भी बेहतर सड़क सुविधा उपयोगी साबित होगी। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की संभावना है। शासन की स्वीकृति के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष में प्रारंभिक तौर पर 10 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है। कार्य शुरू करने से पहले यह सुनिश्चित करना होगा कि प्रस्तावित कार्य किसी अन्य योजना के अंतर्गत स्वीकृत या संचालित न हो। निर्माण निर्धारित विभागीय मानकों और शर्तों के अनुरूप कराया जाएगा।