उत्तराखण्डचंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत जिले में सादगी के साथ मनाया जाएगा सीएम धामी का जन्मदिन, आपदा प्रभावितों के साथ दुख व संवेदनाएं की जाएंगी व्यक्त : निर्मल माहरा

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। पार्टी के जिला कार्यालय में भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल माहरा ने पत्रकार वार्ता की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कल 16 सितंबर को जन्मदिन है। वर्तमान में आपदा की परिस्थितियों के मदृदेनजर मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार उनका जन्मदिन भाजपा कार्यकर्ता सादगी पूर्वक आपदा प्रभावित क्षेत्रों और आपदा पीड़ित परिवारों के साथ दुख व संवेदना व्यक्त कर मनाएंगे।

वार्ता में माहरा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने तीन वर्ष के कार्यकाल में ऐतिहासिक फैसलों से उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। वह अपने धाकड़ फैसलों के लिए हमेशा जाने जाते हैं। उत्तराखंड राज्य आजादी के बाद पहली बार समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला प्रदेश बनने जा रहा है। नकल माफियाओं पर लगाम और पारदर्शी परीक्षाओं के लिए नकल विरोधी कानून आज प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के भविष्य को संवार रहा है। इन तीन वर्षों में अभी तक 16 हजार से अधिक युवाओं को नौकरी मिल चुकी है।

कहा कि मानसखंड मिशन माला के अंतर्गत कुमाउं के मंदिरों को नई पहचान मिल रही है। हाउस ऑफ हिमालया से उत्तराखंड के उत्पाद देश-विदेश में नाम कमा रहे हैं। इसके साथ ही धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगाविरोधी कानून, लैंड जिहाद के खिलाफ मुहिम, महिलाओं को 30 फीसदी आरक्षण, राज्य आंदोलनकारियों को 10 फीसदी आरक्षण, आयुष्मान से उत्तराखंड को लाभ, नारी सशक्तिकरण योजना से आम लोगों को लाभ मिला है।

माहरा ने कहा कि एक जनपद दो उत्पाद से जिले के उत्पादों को पहचान मिल रही है। होम स्टे योजना स्वरोजगार के लिए मील का पत्थर साबित हो रही है। नई खेल नीति से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिल रहा है। युवाओं को रोजगार, अपणि सरकार पोर्टल का लाभ, भ्रष्टाचार रोकने के लिए ऐप के माध्यम से सुनवाई, पीआरडी जवानों के वेतन में बढोत्तरी आदि महत्वपूर्ण कार्य मुख्यमंत्री कर रहे हैं। चम्पावत में साइंस सेंटर, टनकपुर में वृहद आईएसबीटी का निर्माण, लोहाघाट को सरयू पेयजल योजना की सौगात सहित तमाम कार्य हो रहे हैं।

पत्रकार वार्ता में जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शंकर पांडेय, सतीश पांडेय, सुभाष बगौली, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष गौरव पांडेय, व्यापार संघ अध्यक्ष विकास साह, प्रधान संगठन जिलाध्यक्ष मनोज तड़ागी, मंडल महामंत्री नंदन तड़ागी आदि मौजूद रहे।