उधमसिंह नगरनवीनतम

NDA में जतिन भाट ने हासिल की ऑल इंडिया 11वीं रैंक, खटीमा का बढ़ाया मान

ख़बर शेयर करें -

पूर्व सैनिक के बेटे की उपलब्धि पर स्कूल में भव्य सम्मान समारोह, ढोल-दमाऊ और एनसीसी कैडेट्स ने किया जोरदार स्वागत

खटीमा। सीमांत क्षेत्र खटीमा के होनहार युवा जतिन सिंह भाट ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सैनिक कॉलोनी अमाऊं निवासी जतिन ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) की प्रतिष्ठित परीक्षा में ऑल इंडिया 11वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। जतिन की सफलता पर उनके विद्यालय में भव्य सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें और उनके माता-पिता को सम्मानित किया गया।

Ad

पूर्व सैनिक नारायण भाट के बेटे जतिन ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनके पिता भारतीय सेना में हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। बेटे की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन ने जतिन और उनके माता-पिता का माल्यार्पण कर तथा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया।

समारोह में एनसीसी कैडेट्स ने जतिन का गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं, पर्वतीय संस्कृति की पहचान ढोल-दमाऊ और छोलियारों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विद्यालय की शिक्षिकाओं और एनसीसी कैडेट्स ने पारंपरिक धुनों पर जमकर उत्साह मनाया।
जतिन ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और विद्यालय के शिक्षकों को दिया। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि रक्षा क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवा निरंतर मेहनत और तैयारी जारी रखें। साथ ही अपनी रुचि के क्षेत्र में पूरी लगन के साथ आगे बढ़ें।

जतिन की माता गीता भाट ने भावुक होते हुए कहा कि बेटे की इस उपलब्धि पर उन्हें अब भी सपना सच होने जैसा महसूस हो रहा है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों का आभार जताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और शिक्षा से ही बेटा इस मुकाम तक पहुंच पाया है। विद्यालय के प्रबंध निदेशक मधुसूदन दास गोस्वामी, सह प्रबंध निदेशक प्राजेश गोस्वामी, जया चुफाल गोस्वामी, प्रबंधक विनोद बोहरा, प्रभा ज्याला, जगदीश सामंत और दिनेश चिलकोटी ने जतिन की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उनके माता-पिता को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Ad