धारचूला में खौफनाक वारदात: महिला की हत्या कर फरार हुआ लिव-इन पार्टनर
खोतिला में पैदल पुल के पास मिला 33 वर्षीय महिला का शव, कमरे में फर्श-बिस्तर पर मिले खून के निशान; बेटे की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज
पिथौरागढ़। सीमांत क्षेत्र धारचूला के खोतिला में 33 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। महिला का शव बाजार से करीब दो किलोमीटर दूर एक पैदल पुल के पास बरामद हुआ। उसके सिर और शरीर पर चोट के गंभीर निशान मिले हैं। घटना के बाद से महिला का लिव-इन पार्टनर फरार है। पुलिस ने बेटे की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतका मूल रूप से नेपाल के दार्चुला की निवासी थी और वर्तमान में खोतिला में रह रही थी। वह पिछले तीन वर्षों से अपने पति से अलग रह रही थी। इस दौरान वह खोतिला निवासी एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
महिला का शव मिलने की सूचना पर धारचूला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान उस कमरे में फर्श, तकिये और गद्दे के कपड़ों पर खून के निशान मिले, जहां महिला रह रही थी। पुलिस ने खून से सनी वस्तुओं को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित किया है। प्रभारी थानाध्यक्ष धारचूला अंबी राम आर्य के अनुसार, घर के कमरे में बेड और फर्श पर खून के गहरे धब्बे मिले हैं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक फील्ड यूनिट को बुलाया गया, जिसने जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। बेटे की शिकायत के आधार पर महिला के लिव-इन पार्टनर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। सीमांत क्षेत्र में हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।

