चम्पावत पुलिस अधीक्षक ने साप्ताहिक परेड की ली सलामी, पुलिसकर्मियों की फिटनेस और वाहनों की जांची व्यवस्था
परेड में शारीरिक दक्षता, शस्त्राभ्यास और ड्रिल का कराया अभ्यास, वाहन चालकों को टायर बदलने का दिया प्रशिक्षण
चम्पावत। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन चम्पावत में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल के टर्नआउट, अनुशासन, शारीरिक दक्षता एवं कार्यकुशलता का निरीक्षण किया। परेड के दौरान पुलिसकर्मियों से दौड़, तेज चाल, धीमी चाल, ड्रिल, स्क्वाड ड्रिल, शस्त्राभ्यास और सैल्यूट सहित विभिन्न शारीरिक एवं अनुशासनात्मक अभ्यास कराए गए। पुलिस अधीक्षक ने जवानों को शारीरिक रूप से फिट रहने, अनुशासन बनाए रखने और अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी से करने के निर्देश दिए।



परेड के बाद एसपी ने पुलिस लाइन की परिवहन शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस लाइन और विभिन्न थानों में संचालित वाहनों की स्थिति का जायजा लेते हुए हूटर, माइक, टायरों और अन्य आवश्यक उपकरणों की जांच की। इस दौरान वाहन चालकों की दक्षता परखने के लिए उनसे टायर खोलने और दोबारा लगाने का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।
एसपी ने संबंधित कार्मिकों को वाहनों का नियमित रखरखाव एवं समय-समय पर तकनीकी निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी वाहन सदैव चालू हालत में रहें, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस बल तत्काल कार्रवाई कर सके।

