चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत में पेयजल परियोजना से उखड़ी सड़कों के पुनर्स्थापन को 10 करोड़ का भुगतान

ख़बर शेयर करें -

राष्ट्रीय राजमार्ग के 4.5 किमी हिस्से में पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा, दीपावली के बाद खटकना पुल से जीआईसी चौक तक शेष कार्य प्रस्तावित

चम्पावत। नगर में पेयजल सुविधा के विस्तार के साथ पाइपलाइन बिछाने से प्रभावित सड़कों के पुनर्स्थापन की कवायद तेज हो गई है। उत्तराखण्ड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) की परियोजना क्रियान्वयन इकाई (पीआईयू) चम्पावत ने सड़क पुनर्स्थापन के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, लोक निर्माण विभाग लोहाघाट को लगभग 10 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया है। सड़कें दुरुस्त होने से नगरवासियों, व्यापारियों और राहगीरों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।

Ad Ad

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चम्पावत के संकल्प के अनुरूप नगर में बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही प्रभावित सड़क हिस्सों को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने पर जोर दिया जा रहा है। सड़क पुनर्स्थापन से बाजार, विद्यालय, अस्पताल और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। साथ ही यातायात के सुचारु संचालन में भी मदद मिलेगी।

6 किलोमीटर सड़क क्षेत्र में बिछाई जानी है पाइपलाइन

यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर अंकित आर्या ने बताया कि चम्पावत में निर्माणाधीन पेयजल परियोजना का उद्देश्य नगर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करना और उपभोक्ताओं को बेहतर जलापूर्ति उपलब्ध कराना है। परियोजना के तहत नगर पालिका क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के कुल 6 किलोमीटर हिस्से में 20 किलोमीटर पेयजल पाइपलाइन बिछाई जानी प्रस्तावित है। अब तक लगभग 4.5 किलोमीटर सड़क क्षेत्र में 15 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही जल दबाव परीक्षण, घरेलू पेयजल कनेक्शन और अन्य संबंधित कार्य भी पूर्ण किए जा चुके हैं।

दीपावली के बाद पूरा होगा शेष कार्य

प्रोजेक्ट मैनेजर के अनुसार, खटकना पुल से जीआईसी चौक के मध्य शेष हिस्से में पेयजल परियोजना से संबंधित कार्य दीपावली के बाद किए जाने प्रस्तावित हैं। परियोजना पूरी होने के बाद नगर की पेयजल वितरण व्यवस्था बेहतर होगी और घरेलू कनेक्शनों के माध्यम से उपभोक्ताओं तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुदृढ़ होगी। पेयजल परियोजना के साथ प्रभावित सड़कों के पुनर्स्थापन कार्यों को भी निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए पीआईयू चम्पावत द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, लोक निर्माण विभाग लोहाघाट के साथ निरंतर समन्वय किया जा रहा है, ताकि नगरवासियों को बेहतर पेयजल सुविधा के साथ सुगम और सुरक्षित आवागमन का लाभ मिल सके।