बदरीनाथ हाईवे पर विधायक विनोद कंडारी की गाड़ी हादसे का शिकार, बाल-बाल बचे
उफल्डा के पास सामने से आ रहे वाहन ने मारी टक्कर; देवप्रयाग विधायक को आई हल्की चोटें, बड़ा हादसा टला
कीर्तिनगर/टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। कीर्तिनगर के उफल्डा के पास हुए हादसे में विधायक को हल्की चोटें आई हैं। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विधायक विनोद कंडारी सोमवार सुबह अपने वाहन से श्रीनगर से कीर्तिनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बदरीनाथ हाईवे पर उफल्डा के पास सामने से गलत दिशा में आ रहे एक अन्य वाहन ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विधायक का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे में विधायक को हल्की चोटें आने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना में बड़ा हादसा टलने से लोगों ने राहत की सांस ली। विधायक के परिचितों और समर्थकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

