बागेश्वर में रिश्तों का कत्ल: भतीजे ने लोहे की रॉड से पीटकर चाचा-चाची की हत्या, बहू पर भी हमला
गरुड़ के नरगोडी गांव में सनसनीखेज वारदात; बच्ची के साथ कमरे में बंद होकर बहू ने बचाई जान, आरोपी फरार
बागेश्वर। पहाड़ में रिश्तों के कत्ल की बढ़ती घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। बागेश्वर जिले के गरुड़ तहसील क्षेत्र के नरगोडी गांव में एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक भतीजे ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला कर अपने चाचा और चाची की हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची चाचा की बहू पर भी आरोपी ने हमला किया। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरगोडी गांव निवासी गोविंद बल्लभ खोलिया ने अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया और चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बहू पर भी किया हमला, बच्ची के साथ कमरे में छिपकर बचाई जान
बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान चाचा की बहू दर्शनी देवी बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी लोहे की रॉड से तीन-चार वार कर दिए। जान बचाने के लिए दर्शनी अपनी बच्ची को लेकर कमरे में बंद हो गई और कुंडी लगा ली। बाद में वह दूसरी ओर से निकलने में सफल रही। गंभीर रूप से घायल दर्शनी का उपचार जारी है।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पहले घर के ऊपरी कमरे में मौजूद अपनी चाची भगवती देवी पर हमला किया और फिर नीचे के कमरे में जाकर चाचा पूरन चंद्र को निशाना बनाया। देर रात चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आपातकालीन सेवा 112 को सूचना दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फरार आरोपी की तलाश के लिए चार पुलिस टीमें गठित किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पहले भी हुई थी शिकायत
बताया जा रहा है कि आरोपी शराब पीने के बाद अक्सर गाली-गलौज करता था, जिससे परिवार के लोग परेशान रहते थे। करीब पांच-छह महीने पहले भी उसके खिलाफ थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। घटना से एक दिन पहले भी आरोपी के व्यवहार को लेकर शिकायत किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

