उत्तर प्रदेशउत्तराखण्डनवीनतमहादसा

गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहे छह दोस्तों की जिंदा जलकर मौत, दो सगे भाइयों ने भी गंवाई जान

ख़बर शेयर करें -

मुजफ्फरनगर में भीषण हादसा: बिजली के खंभे से टकराकर डिवाइडर पार पलटी सीएनजी कार, आग लगने से छह युवकों की दर्दनाक मौत

मुजफ्फरनगर। दिवाली की खुशियों के बीच एक भीषण सड़क हादसे ने छह परिवारों को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया। हरियाणा के जींद जिले से हरिद्वार गंगा स्नान के लिए निकले छह दोस्तों की मुजफ्फरनगर में कार में जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। हादसे की खबर से उनके गांवों में मातम पसरा हुआ है।

Ad

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर तितावी थाना क्षेत्र के जागाहेड़ी पुल के पास हरियाणा से आ रही तेज रफ्तार सीएनजी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार पहले सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराई और फिर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी ओर पलट गई। टक्कर के कुछ ही देर बाद कार में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसा इतना भयावह था कि कार सवार छह युवकों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। सभी की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बिजली का खंभा दो हिस्सों में टूट गया, जबकि डिवाइडर का करीब 10 मीटर हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक छह जिंदगियां खत्म हो चुकी थीं।

जींद जिले के रहने वाले थे सभी युवक

पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह युवक हरियाणा के जींद जिले के रहने वाले थे। इनमें राखीगढ़ी गांव के चार और मोठ लुहारी गांव के दो युवक शामिल बताए गए हैं। मृतकों की पहचान अंकित (19) पुत्र समुंदर, राहुल (21) पुत्र समुंदर, अंकित (23) पुत्र राजेश, साहिल (22) पुत्र सोमकुमार, अमन उर्फ अंकित (24) पुत्र रामफल और अजय (22) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि मृतकों में शामिल अंकित और राहुल सगे भाई थे। दोनों मेहनत-मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाते थे। कोई ड्राइविंग तो कोई तकनीकी काम से जुड़ा हुआ था। सभी दोस्त सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनका सफर मौत में तब्दील हो गया।

दो गांवों में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई। राखीगढ़ी गांव के सरपंच बंटी के मुताबिक, हादसे की सूचना सुबह मिली थी। मृतकों में चार युवक उनके गांव के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि एक युवक करीब दो महीने बाद घर लौटा था और दोस्तों के साथ गंगा स्नान के लिए निकला था।

दो सगे भाइयों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन शव लेने के लिए मुजफ्फरनगर रवाना हो गए हैं। दीपावली के त्योहार पर जहां घरों में खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं इन छह युवकों के परिवारों में मातम छा गया। हरिद्वार में गंगा स्नान की आस लेकर निकले दोस्तों का यह सफर कभी पूरा नहीं हो सका।

Ad