टिहरीनवीनतमहादसा

धनतेरस से पहले दर्दनाक हादसा, कार की टक्कर से वन दरोगा की मौत; चालक फरार

ख़बर शेयर करें -

धनोल्टी के पास चंबा-मसूरी मार्ग पर हुआ हादसा, स्कूटी सवार वन दरोगा ने अस्पताल में तोड़ा दम; बेटे की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

टिहरी। टिहरी गढ़वाल जिले के धनोल्टी क्षेत्र में चंबा-मसूरी मोटर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में वन विभाग के एक दरोगा की मौत हो गई। स्कूटी से घर लौट रहे वन दरोगा को सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Ad

जानकारी के अनुसार नरेंद्रनगर वन प्रभाग की सालाना रेंज में तैनात वन दरोगा प्यार चंद रमोला (48), निवासी सौड़ गांव, चंबा, बीते दिन सकलाना से स्कूटी पर अपने घर लौट रहे थे। शाम करीब चार बजे धनोल्टी के पास चंबा-मसूरी मोटर मार्ग पर उनकी स्कूटी को सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए चंबा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना से वन विभाग में शोक की लहर है, जबकि परिवार में मातम पसरा हुआ है। चंबा थानाध्यक्ष विपिन बहुगुणा ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच करने के साथ फरार चालक की तलाश में जुटी है।

Ad