खटीमा में खड़े ट्रक में जा घुसी बाइक, 40 वर्षीय युवक की मौत
ईस्टर फैक्टरी के सामने हुआ हादसा, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
खटीमा। ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा में दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। ईस्टर फैक्टरी के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भगचुरी निवासी सुरेश मौर्य पुत्र सुभज्ञा मौर्य बाइक संख्या UK06AH/ 0840 से खटीमा से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ईस्टर फैक्टरी के सामने सड़क किनारे पंचर टायर के कारण एक ट्रक खड़ा था। बताया जा रहा है कि इसी बीच सुरेश की बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर ईस्टर कंपनी की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल सुरेश को तत्काल उप जिला चिकित्सालय खटीमा ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी भी अस्पताल पहुंचे, जहां मृतक के परिजन मौजूद थे।
सुरेश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। शनिवार को पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक संख्या BR06GH/ 5318 को कब्जे में लेकर कोतवाली परिसर में खड़ा करा दिया है। क्षतिग्रस्त बाइक को भी सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।

