दो बाइकों की टक्कर से सड़क पार कर रही महिला की मौत, दोनों बाइक सवार हिरासत में
देहरादून के पटेलनगर में रविवार रात हुआ हादसा, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
देहरादून। राजधानी के पटेलनगर क्षेत्र में रविवार रात हुए सड़क हादसे में 55 वर्षीय महिला की जान चली गई। सड़क पार कर रही महिला को दो बाइकों की टक्कर लगने से गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस ने दोनों बाइक सवारों को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9:30 बजे पटेलनगर की संजय कॉलोनी के पास लोहियानगर निवासी 18 वर्षीय कृष्ण और ब्रह्मपुरी निवासी रजत बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार कर रही महिला उनकी बाइक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को इंद्रेश अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान इशरत पत्नी नाजिम, निवासी वाल्मीकि संजय बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों बाइक सवारों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

