चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत: मानेश्वर मंदिर में चला विशेष स्वच्छता अभियान, डेढ़ टन तक प्लास्टिक कचरा हटाया

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। उच्च न्यायालय, उत्तराखण्ड के निर्देशों तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में रविवार को मानेश्वर मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। जिला प्रशासन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, वन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस अभियान का नेतृत्व जिलाधिकारी मनीष कुमार ने किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि चम्पावत के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना भी है।

Ad Ad

अभियान को मानेश्वर मंदिर के पूज्य महंत स्वामी धर्मराजानन्द पुरी महाराज का मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। उनके नेतृत्व में श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर परिसर की पवित्रता बनाए रखने के उद्देश्य से व्यापक जनसहभागिता के साथ स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में करीब 100 लोगों ने भाग लिया और एक से डेढ़ टन तक प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री एकत्र कर उसका वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया गया।

इस दौरान मंदिर परिसर में चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया गया। अधिकारियों एवं समाजसेवियों ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने की अपील की।

महंत स्वामी धर्मराजानन्द पुरी महाराज ने कहा कि मानेश्वर धाम अत्यंत पवित्र एवं प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण स्थल है। इसकी स्वच्छता और गरिमा बनाए रखना प्रत्येक श्रद्धालु और नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने श्रद्धालुओं से पॉलीथिन, प्लास्टिक की बोतलें एवं अन्य कचरा इधर-उधर न फेंकने तथा मंदिर परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जनसहभागिता आधारित ऐसे अभियान समाज में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक चेतना विकसित करते हैं। उन्होंने सभी विभागों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं से धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर नियमित स्वच्छता अभियान चलाने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।

अभियान में अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, उपजिलाधिकारी बी.सी. पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई विमल कुमार सूठा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।