अल्मोड़ा: विधायक महेश जीना पर अभद्र व्यवहार और धमकी देने का आरोप, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सल्ट विधायक महेश जीना कथित तौर पर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के सोशल मीडिया प्रभारी भूपेंद्र सिंह मनराल के साथ अभद्र व्यवहार करते और धमकी देते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार, स्याल्दे ब्लॉक के मालीखेत में आयोजित एक बहुउद्देशीय शिविर में विधायक महेश जीना शामिल होने पहुंचे थे। इसी शिविर में यूकेडी के ब्लॉक अध्यक्ष एवं पालमपुर ग्राम प्रधान रविंद्र नेगी तथा पार्टी के सोशल मीडिया प्रभारी भूपेंद्र सिंह मनराल भी क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर पहुंचे थे।
आरोप है कि इसी दौरान विधायक ने भूपेंद्र सिंह मनराल को अपने पास बुलाकर उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। घटना के समय रविंद्र नेगी वीडियो बना रहे थे। आरोप है कि वीडियो रिकॉर्ड होते देख विधायक नाराज हो गए और मोबाइल छीनने का प्रयास भी किया।
भूपेंद्र सिंह मनराल का कहना है कि वह लंबे समय से सोशल मीडिया के माध्यम से क्षेत्रीय समस्याओं को उठाते रहे हैं। उनका आरोप है कि हाल ही में उन्होंने देघाट-जौरासी मोटर मार्ग कई दिनों तक बंद रहने का वीडियो साझा किया था, जिसके बाद संबंधित विभाग ने सड़क खुलवाई। मनराल का दावा है कि विधायक इसी बात से नाराज थे। उनके अनुसार, विधायक ने कथित तौर पर कहा, “अच्छी वीडियो बनाकर डालकर बहुत चर्बी चढ़ गई है, उतार दूंगा। यह वीडियो जहां डालना है डाल ले।”
मनराल ने बताया कि शिविर समाप्त होने के बाद वह 70-80 ग्रामीणों के साथ विधायक से अभद्र व्यवहार का कारण पूछने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मिलने नहीं दिया। इस संबंध में भूपेंद्र सिंह मनराल ने देघाट थाना एवं उपजिलाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की है।

