चंपावतटनकपुरनवीनतमहादसा

टनकपुर में आधी रात को आग का तांडव: शॉर्ट सर्किट से 7 दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान

ADVERTISEMENTS Ad
ख़बर शेयर करें -

डीएम ने दिए नुकसान के तत्काल आकलन के निर्देश, पीड़ितों को जल्द मिलेगा मुआवजा

टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर नगर के मेला टंकी (पुरानी तहसील) क्षेत्र में देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिसकी चपेट में आने से 7 दुकानें जलकर पूरी तरह राख हो गईं। घटना से पीड़ित व्यापारियों का लाखों रुपये का सामान और नकदी जलकर नष्ट हो गई है, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

Ad Ad

स्थानीय लोगों द्वारा घटना की तत्काल सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी अमर सिंह अधिकारी के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम में लीडिंग फायरमैन मनोज कुमार, संतोष जोशी, कृष्ण सिंह, श्याम सिंह, दलबीर सिंह और देवेंद्र अधिकारी शामिल थे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया और उसे आगे फैलने से रोका। अग्निकांड में कॉस्मेटिक, चश्मा, बेल्ट, बैग और पायदान आदि की दुकानें जलकर नष्ट हुईं। आग की वजह से व्यापारी रुचि वर्मा पत्नी वरुण वर्मा, श्याम पुत्र मैकूलाल, रामप्रकाश पुत्र मैकूलाल, करण पुत्र देवेंद्र कुमार, देवेंद्र पुत्र सीताराम, सतपाल सिंह पुत्र राजेश पाल आदि को भारी नुकसान हुआ है।

सीएम कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों ने किया निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार बृजवाल, नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा और तहसीलदार पिंकी आर्य ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया। मौके पर अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राजपाल चौहान, बृजेश जोशी, शशांक पांडे, भावना पंत और नीलम रावत आदि मौजूद रहे। वहीं जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पीड़ित परिवारों से वार्ता कर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया है। जिलाधिकारी ने तहसीलदार और राजस्व उप निरीक्षक को तत्काल मौके पर जाकर हुए नुकसान का सटीक आकलन करने और उसकी विस्तृत रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश जारी किए हैं, ताकि प्रभावित दुकानदारों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा राशि प्रदान की जा सके।

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार बृजवाल।
Ad Ad