चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमराजनीति

चम्पावत: जिला न्यायालय ने भंडारबोरा सीट का चुनाव किया शून्य घोषित, 15 दिनों में दूसरी सीट हुई रिक्त

ADVERTISEMENTS Ad
ख़बर शेयर करें -

कमल रावत की याचिका पर भाजपा नेता शैलेश जोशी का चुनाव किया गया रदृद

चम्पावत। उत्तराखंड के चम्पावत जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। जिला न्यायालय ने चम्पावत जिला पंचायत की भंडारबोरा सीट से विजयी प्रत्याशी भाजपा के शैलेश चंद्र जोशी का चुनाव शून्य (रद्द) घोषित कर दिया है। न्यायालय ने यह फैसला चुनाव प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ी पाए जाने के बाद सुनाया है।

Ad Ad
शैलेश जोशी

गणना में भारी अंतर बना मुख्य आधार : जिला जज अनुज कुमार संगल ने 12 मई को यह आदेश जारी किया। मामले की सुनवाई के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मतदान और मतगणना के आंकड़ों में भारी विसंगति थी। चुनाव याचिका दायर करने वाले दूसरे नंबर के प्रत्याशी कमल सिंह रावत के अधिवक्ता राम सिंह बिष्ट ने अदालत को बताया कि क्षेत्र में कुल 6719 वोट पड़े थे, जबकि गिनती 6865 वोटों की गई। मतों में 146 वोटों का यह अंतर और खारिज वोटों की संख्या में हेरफेर चुनाव रद्द होने का मुख्य कारण बना।

रनर-अप की याचिका भी आंशिक रूप से खारिज : अदालत ने जहां एक ओर शैलेश चंद्र जोशी के निर्वाचन को रद्द कर दिया, वहीं दूसरी ओर दूसरे स्थान पर रहे निर्दलीय प्रत्याशी कमल सिंह रावत की उस याचिका को भी निरस्त कर दिया, जिसमें उन्होंने स्वयं को विजयी घोषित करने की मांग की थी। अदालत के इस फैसले के बाद अब भंडारबोरा सीट आधिकारिक रूप से रिक्त हो गई है। मालूम हो कि जुलाई 2025 में हुए त्रिस्तरीय पंचायती चुनावों में भाजपा समर्थित शैलेश चंद्र जोशी ने कमल सिंह रावत को मात्र 25 वोटों से हराया था। जोशी को 3282 वोट मिले थे, जबकि रावत को 3257 वोट प्राप्त हुए थे। तीसरे स्थान पर रहे अशोक सिंह को केवल 48 वोट मिले थे।

कमल रावत

15 दिनों में खाली होने वाली दूसरी सीट

चम्पावत जिला पंचायत में यह पिछले 15 दिनों के भीतर दूसरा बड़ा घटनाक्रम है। इससे पहले 28 अप्रैल को अदालत ने शक्तिपुरबुंगा सीट के विजेता निर्दलीय प्रत्याशी कृष्णानंद जोशी का चुनाव भी रद्द कर दिया था। उस मामले में मतदाता सूची में दो जगह नाम दर्ज होने की वजह से कार्रवाई हुई थी। लगातार दो सीटों के रिक्त होने से जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

Ad Ad