टनकपुर : रोडवेज के संविदा और विशेष श्रेणी कर्मचारी…नियमित नियुक्ति के लिए 21 से करेंगे आंदोलन , सौंपा ज्ञापन
टनकपुर/चम्पावत। नियमित नियुक्ति की मांग को लेकर लेकर रोडवेज के संविदा और विशेष श्रेणी कर्मचारियों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के माध्यम से ज्ञापन भेजा। जिसमें 20 मई तक मांगें पूरी नहीं होने पर 21 मई से क्रमिक अनशन और एक जून से आमरण अनशन शुरू करने का ऐलान किया है।
संविदा और विशेष श्रेणी कर्मचारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व छात्र नेता कैलाश भट्ट की अगुवाई में सौंपे गए ज्ञापन में संगठन ने कहा है कि रोडवेज के तीन हजार संविदा और विशेष श्रेणी चालक, परिचालक व कार्यशाला कर्मचारी अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। कहा है कि नियमितीकरण में संशोधन कर कट ऑफ डेट 2026 कर विशेष श्रेणी कार्मिकों को नियमावली में शामिल कर नियमित किया जाए। आगाह किया है कि मांग पर अमल नहीं हुआ तो संगठन अपने घोषित कार्यक्रम के अनुसार आंदोलन की राह पकड़ने को विवश होगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा की संगठन 2019 से कर्मचारियों के हक को लेकर संघर्षरत हैं। 2022 में किए गए आंदोलन में क्षेत्र के तत्कालीन विधायक स्व कैलाश गहतोड़ी के भरोसे पर आंदोलन खत्म किया गया था, लेकिन चार साल बाद भी सरकार ने ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जिससे कर्मचारी अपने भविष्य को लेकर निश्चिंत रह सके। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का धैर्य टूट रहा है। उनकी एक सूत्री मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में सुनील कलौनी, नरेश अधिकारी, सतीश उप्रेती, राजेन्द्र रावत, प्रकाश पांडेय, सचिन श्रीवास्तव शामिल रहे।

