उत्तराखण्ड

पीलीभीत के युवक ने फांसी लगाकर जान दी, सुसाइड नोट भी छोड़ा

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर। पीलीभीत के रहने वाले एक युवक ने यहां फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि मूलरूप से गैबिया, मेलाघाट रोड, पीलीभीत उत्तर प्रदेश निवासी 22 साल का विकास कुमार पुत्र नारायण कुमार मजदूरी करता था। वह ट्रांजिट कैम्प, शिवनगर निवासी कुसुम पत्नी राम किशन के मकान में किराए में रहता था। दो साल पहले तक वह सिडकुल की एक कंपनी में काम करता था। बाद में वह मजदूरी करने लगा। सोमवार शाम को वह अपने कमरे में था। इसी बीच उसने फंदे से लटक गया। रात 9 बजे के आसपास मकान मालकिन के पुत्र रजत का दोस्त सन्नी उनके घर आया। इस दौरान रजत को आवाज लगाते हुए उसकी नजर खिड़की से विकास के कमरे में पड़ी। जहां वह लटका हुआ मिला। यह देख उसने शोर मचा दिया। शोर होने पर मकान मालकिन समेत आसपास के लोग एकत्र हुए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा। साथ ही विकास को फंदे से उतारा और शव पोस्टमार्टम को भेजा। सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस के अनुसार मृतक के पास से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। मौत के लिए उसने किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। सिर्फ सुसाइड नोट में इतना लिखा है कि अब वह घर नहीं जाएगा, परिजन उसे जलील करेंगे।

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड