लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर जेल अधीक्षक को धमकी देने वाला गिरफ्तार, जेल में बंद महिला पर भी साजिश का आरोप
हरिद्वार पुलिस का खुलासा- मुलाकात के दौरान पूछताछ से नाराज था आरोपी, तमंचा-कारतूस लेकर जेल की ओर जा रहा था; पुलिस ने रास्ते में दबोचा
हरिद्वार। रोशनाबाद जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से जान से मारने की धमकी देने के मामले में हरिद्वार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमांशु चोढा पुत्र श्याम लाल चोढा, मूल निवासी लुधियाना पंजाब और हाल निवासी आईडीपीएल देहरादून के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है।
हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस मुख्यालय में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 11 सितंबर को जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्या ने पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि उनके मोबाइल फोन पर धमकी भरे और अभद्र मैसेज भेजे गए हैं। मैसेज में लॉरेंस बिश्नोई के नाम से जान से मारने की धमकी दी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कर थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। सोमवार को सिडकुल क्षेत्र के सूर्यनगर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने हिमांशु चोढा को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं।
जेल में बंद महिला से मुलाकात के बाद रची गई साजिश!
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि जिला कारागार में बंद एक महिला को वह अपनी पत्नी बताता है। महिला देह व्यापार के मामले में जेल में बंद है। पुलिस के अनुसार, महिला से मुलाकात के दौरान जेल स्टाफ द्वारा पूछताछ किए जाने से आरोपी नाराज था। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान जेल में बंद महिला ने आरोपी को जेल अधीक्षक को धमकी देने के लिए उकसाया और उसे अधीक्षक का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया। इसके बाद आरोपी लुधियाना गया और अपने आधार कार्ड से लिए गए नए मोबाइल नंबर से जेल अधीक्षक के मोबाइल पर धमकी भरे मैसेज भेजे।
तमंचा लेकर जेल की ओर जा रहा था आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी को बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से अपने खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली। इसके बाद वह पहले से रखे तमंचे और कारतूस के साथ लुधियाना से हरिद्वार पहुंचा। पुलिस का कहना है कि वह जेल अधीक्षक को डराने के इरादे से जिला कारागार की ओर जा रहा था, इसी दौरान चेकिंग के दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया। जांच में आरोपी के खिलाफ देहरादून के रायवाला थाने में मानव तस्करी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने की बात भी सामने आई है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने स्पष्ट किया कि आरोपी का गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से कोई संबंध सामने नहीं आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी है और अपनी पहली पत्नी व परिजनों से अलग रहकर इधर-उधर भटकता रहता है। जेल में बंद महिला को वह अपनी दूसरी पत्नी बताता है। एसएसपी ने कहा कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जेल में बंद महिला की भूमिका की भी जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब धमकी के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, मैसेज और आरोपी के संपर्कों की भी जांच कर रही है।

