उत्तराखण्डक्राइमदेहरादूननवीनतम

देहरादून में महिला की गोली मारकर हत्या, पति पर आरोप; वारदात के बाद फरार

ख़बर शेयर करें -

तलाक को लेकर तीन महीने से चल रहा था विवाद, आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर दी हत्या की सूचना; क्लेमेनटाउन में सनसनी

देहरादून। क्लेमेनटाउन क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 27 वर्षीय काजल मित्तल के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उसके पति धीरज पंवार पर है। बताया जा रहा है कि तलाक को लेकर पिछले करीब तीन महीने से दोनों के बीच विवाद चल रहा था और इसी दौरान दोनों अलग-अलग रह रहे थे।

पुलिस के मुताबिक काजल क्लेमेनटाउन क्षेत्र के मित्तल लेन स्थित एक मकान में केयरटेकर के तौर पर काम करती थी। उसका पति धीरज देहरादून में ही दूसरी जगह रह रहा था। सोमवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान धीरज ने काजल को गोली मार दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

Ad Ad

वारदात के बाद आरोपी धीरज ने कथित तौर पर खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन थाना पुलिस और एसओजी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतका के भाई अभिषेक ने पुलिस को बताया कि काजल और धीरज के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। दोनों के बीच तलाक को लेकर करीब तीन महीने से विवाद था और इसी वजह से वे अलग-अलग रह रहे थे।

पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि धीरज को कथित तौर पर अपनी पत्नी के अन्य लोगों से संबंध होने का शक था। हालांकि इन कारणों और हत्या के वास्तविक घटनाक्रम की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से मिलने के बाद सीओ सदर अंकित कंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। क्लेमेनटाउन थाने में मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी धीरज पंवार की तलाश शुरू कर दी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ तथा जांच में स्पष्ट होगी।