रिटायर्ड आईएएस चंद्रशेखर भट्ट हाई पावर कमेटी के सदस्य नामित, उत्तराखंड का बढ़ाया गौरव
खेल मंत्रालय ने नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस एक्ट के क्रियान्वयन और खेल संघों की निगरानी के लिए गठित की 20 सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति
देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व राज्य निर्वाचन आयुक्त एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी चंद्रशेखर भट्ट को भारत सरकार के खेल मंत्रालय की ओर से गठित 20 सदस्यीय हाई पावर कमेटी में सदस्य नामित किया गया है। विभिन्न खेल महासंघों और ओलंपिक संघों की निगरानी तथा नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस एक्ट-2025 के तहत संवैधानिक व्यवस्थाओं के क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों के समाधान के लिए गठित इस उच्चस्तरीय समिति में चंद्रशेखर भट्ट को शामिल किए जाने से उत्तराखंड का गौरव बढ़ा है।
भारत सरकार के खेल मंत्रालय ने विभिन्न खेल फेडरेशनों एवं ओलंपिक संघों की निगरानी के साथ-साथ नई खेल शासन व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 20 सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। समिति में भारत निर्वाचन आयोग के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त अचल कुमार ज्योति और सुनील अरोड़ा के अलावा विभिन्न राज्यों के पूर्व राज्य निर्वाचन आयुक्तों को भी शामिल किया गया है।उत्तराखंड से पूर्व राज्य निर्वाचन आयुक्त हरीश चंद्र जोशी और चंद्रशेखर भट्ट को समिति का सदस्य नामित किया गया है। समिति खेल संघों की संवैधानिक संरचनाओं और शासन व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण विषयों पर काम करेगी।
प्रशासनिक सेवा में रहा लंबा अनुभव
चंद्रशेखर भट्ट ने अपने प्रशासनिक सेवाकाल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। हरिद्वार में अपर जिलाधिकारी के पद पर रहते हुए उन्होंने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह आयोग के प्रथम परीक्षा नियंत्रक और बाद में सचिव भी रहे। इसके अलावा अपर मेलाधिकारी कुंभ-2010 और मुख्य विकास अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी सेवाएं दीं।
चंद्रशेखर भट्ट जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल और कुमाऊं आयुक्त, नैनीताल जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर भी रहे। राज्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में करीब छह वर्ष तक उन्होंने नगर निकायों और जिला पंचायतों के चुनावों की जिम्मेदारी संभाली। अब खेल मंत्रालय की उच्चस्तरीय समिति में सदस्य के रूप में उनकी नियुक्ति को उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव और निर्वाचन व्यवस्था से जुड़े कार्यों की पृष्ठभूमि के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शिक्षाविदों और चिकित्सकों ने दी बधाई
चंद्रशेखर भट्ट के हाई पावर कमेटी में सदस्य नामित होने पर पूर्व कुलपति उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय प्रो. (डॉ.) सुनील जोशी, कुलपति प्रो. (डॉ.) अरुण त्रिपाठी, इंडियन रेडक्रॉस उत्तराखंड के चेयरमैन डॉ. नरेश चौधरी, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संजय शाह, डॉ. विपिन प्रेमी, स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. प्रदीप भारद्वाज और प्रधानाचार्य डॉ. जी.एस. इंदौरिया समेत विभिन्न लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

