पम्दा के उप प्रधान मनमोहन का आकस्मिक निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
तीन दिन पहले बिगड़ी थी तबीयत, चम्पावत जिला अस्पताल के बाद हल्द्वानी किया गया था रेफर; सुशीला तिवारी अस्पताल में ली अंतिम सांस
चम्पावत। विकासखंड बाराकोट की ग्राम पंचायत पम्दा के उप प्रधान मनमोहन टम्टा (49) का सोमवार को आकस्मिक निधन हो गया। तीन दिन पहले अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें उपचार के लिए चम्पावत जिला अस्पताल लाया गया था। हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया था, जहां उपचार के दौरान 21 सितंबर को उन्होंने अंतिम सांस ली।
जानकारी के अनुसार मनमोहन टम्टा को करीब तीन दिन पहले बुखार आया था। इसके बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल चम्पावत लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उन्हें हल्द्वानी रेफर किया गया। सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। अचानक हुए निधन की खबर से पम्दा समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मनमोहन टम्टा मिलनसार और सामाजिक सरोकारों से जुड़े व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। वह लोगों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहते थे। उनके आकस्मिक निधन से ग्रामीण और क्षेत्रवासी स्तब्ध हैं। वह अपने पीछे पत्नी और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं।
मनमोहन टम्टा के निधन पर लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी व मनीषा कालाकोटी, ब्लॉक प्रमुख सीमा विश्वकर्मा, लड़ीधूरा शैक्षिक एवं सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष नागेंद्र कुमार जोशी, ग्राम प्रधान ललित प्रसाद टम्टा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य भवानी टम्टा, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय वर्मा, सरपंच ललित मोहन जोशी, पंकज टम्टा समेत क्षेत्र के विभिन्न जनप्रतिनिधियों और लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

