उत्तराखण्डराजनीति

हरक सिंह रावत ने की तीरथ के लिए सीट छोड़ने की पेशकश, साथ ही जताई यह इच्छा

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के लिए कोटद्वार विधानसभा सीट छोडऩे की पेशकश की है। हरक के मुताबिक वह अपनी इस इच्छा से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को अवगत करा चुके हैं। साथ ही हरक ने कहा कि उन्होंने अध्यक्ष से यह भी अनुरोध किया है कि पार्टी यदि उचित समझे, तो उन्हें गढ़वाल संसदीय सीट से चुनाव लडऩे का मौका दे। प्रदेश सरकार में नेतृत्व परिवर्तन के बाद पौड़ी गढ़वाल सीट से सांसद तीरथ सिंह रावत की मुख्यमंत्री पद पर ताजपोशी हुई है। नियमानुसार अब उन्हें छह माह के भीतर विधानसभा की सदस्यता लेनी है। मुख्यमंत्री के लिए उपयुक्त सीट को लेकर पार्टी में चर्चा शुरू हो गई है। इस कड़ी में तीरथ के लिए भाजपा विधायक भी अपनी सीट छोडऩे की पेशकश के साथ आगे आ रहे हैं। तीरथ के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण के दिन ही बदरीनाथ के भाजपा विधायक महेंद्र भट्ट उनके लिए अपनी सीट खाली करने की बात कह चुके हैं। हालांकि तीरथ ने इस पर कहा कि यह फैसला आलाकमान करेगा। अब कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने इस सिलसिले को आगे बढ़ाया है। उन्होंने तो बाकायदा एक कदम आगे बढ़ते हुए सीधे आलाकमान के सामने ही इस तरह की पेशकश कर दी। रविवार को हरक सिंह रावत ने कहा कि जब प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन के बाद तीरथ सिंह रावत की मुख्यमंत्री पद पर ताजपोशी हुई, उसी दिन उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से बातचीत हुई थी। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष से कहा कि मुख्यमंत्री के लिए वह अपनी कोटद्वार विधानसभा सीट छोडऩे के लिए तैयार हैं। हालांकि कुछ महीने पहले हरक सिंह रावत आगामी विधानसभा चुनाव न लडऩे की इच्छा भी जता चुके हैं।

महाराज कर चुके हैं सीट छोडऩे से इनकार
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की ताजपोशी के दिन इंटरनेट मीडिया में यह बात तेजी से चली कि सतपाल महाराज उनकी पौड़ी गढ़वाल संसदीय सीट से लोकसभा जाएंगे और मुख्यमंत्री उनकी चौबट्टाखाल सीट से उपचुनाव लड़ेंगे। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने इसका तुरंत खंडन करते हुए कहा था कि उनका ऐसा कोई इरादा नहीं हैं। दरअसल, महाराज से पहले तीरथ सिंह रावत ही चौबट्टाखाल विधानसभा सीट से पार्टी का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। बीते विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उनकी इस सीट से सतपाल महाराज को टिकट दिया था। इसी कारण इंटरनेट मीडिया में इस तरह चर्चाएं तेज हो गई थीं।

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड