एसपी रेखा यादव ने 19 पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित, इनामी अपराधियों और नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के निर्देश
मासिक अपराध गोष्ठी में कानून व्यवस्था और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा, वर्दी में रील बनाने पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने को कहा
चम्पावत। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बुधवार को पुलिस लाइन चम्पावत में मासिक अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन आयोजित कर जिले की कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। इस दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 19 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसपी ने अधिकारियों को इनामी अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने, नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
गोष्ठी में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों की मौजूदगी में लंबित विवेचनाओं, पुलिस कार्यप्रणाली, कानून एवं शांति व्यवस्था तथा विभिन्न अभियानों की समीक्षा की गई। एसपी ने पिछली अपराध गोष्ठी में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी लेने के साथ ही पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की व्यक्तिगत, पारिवारिक और विभागीय समस्याएं भी सुनीं। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

नवीन भट्ट और आशीष बने बेस्ट एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ
विगत माह ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने पर उपनिरीक्षक नवीन चन्द्र भट्ट और कांस्टेबल आशीष कुमार को अक्टूबर 2026 के बेस्ट एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ के रूप में चयनित कर सम्मानित किया गया। इनके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले 17 अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इस तरह कुल 19 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
इनामी अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान
एसपी ने इनामी अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित करने और गैर जमानती एवं जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गुमशुदगी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित एसओपी के अनुसार कार्रवाई करने और गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए विशेष टीमें बनाने को कहा।
नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में सुरागरसी-पतारसी बढ़ाने और मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में शामिल लोगों को चिह्नित कर कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई, आवश्यकतानुसार मुकदमा दर्ज करने और पीड़ितों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्ती
एसपी ने यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने और अधिक से अधिक ई-चालान करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मानसिक रूप से अस्वस्थ एवं अज्ञात व्यक्तियों का विवरण निर्धारित आईआईएफ-9 फॉर्म में दर्ज करने तथा प्राकृतिक और अप्राकृतिक मृत्यु के मामलों में क्रमशः आईआईएफ-10 और आईआईएफ-11 फॉर्म अनिवार्य रूप से भरने को कहा।
समन्वय, आईसीजेएस, जेआईएसएम, सीईआईआर और एनएएफआईएस पोर्टल पर शत-प्रतिशत कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा राहगीर योजना के प्रति आमजन को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।
वर्दी में रील बनाने पर सख्त पाबंदी
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी एसओपी का हवाला देते हुए एसपी रेखा यादव ने स्पष्ट किया कि कोई भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी वर्दी में रहते हुए रील अथवा वीडियो नहीं बनाएगा। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को विभाग की गरिमा, अनुशासन और मर्यादा बनाए रखते हुए जिम्मेदारी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
इन 19 पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान
सम्मानित होने वालों में उपनिरीक्षक नवीन चन्द्र भट्ट, कांस्टेबल आशीष कुमार, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक धीरेन्द्र सिंह बिष्ट, सहायक उपनिरीक्षक एम. सुमन, सहायक उपनिरीक्षक एम. दीपक जलाल, हेड कांस्टेबल नईम अहमद, हेड कांस्टेबल मुकेश भट्ट, कांस्टेबल मनोज जोशी, कांस्टेबल प्रवीण कुमार, कांस्टेबल उमेश प्रसाद, महिला कांस्टेबल चांदनी, महिला फायरमैन किरन जोशी, कांस्टेबल संतोष जोशी, कांस्टेबल दीपक सिंह बिष्ट तथा महिला होमगार्ड सपना बिष्ट और उमा शामिल रहीं।
गोष्ठी में क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेंद्र सिंह कप्रवाण, क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी तनुजा वर्मा, निरीक्षक अभिसूचना इकाई हेमंत कुमार भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक भगवत सिंह राणा, प्रभारी निरीक्षक डीसीआरबी बच्ची सिंह बिष्ट, यातायात प्रभारी महेश प्रसाद, साइबर सेल प्रभारी प्रकाश भट्ट सहित जनपद के सभी थाना प्रभारी, एसओजी एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

