चंपावतटनकपुरनवीनतमराजनीति

बेटियों को इंसाफ कब? टनकपुर से शैलजा का धामी सरकार पर तीखा हमला, बोलीं- अब चम्पावत से भी पलायन की तैयारी में मुख्यमंत्री

ख़बर शेयर करें -

खर्कवाल गार्डन में कांग्रेस की हुंकार, यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, करन माहरा और भुवन कापड़ी ने भी सरकार को घेरा

बनबसा से टनकपुर तक बाइक रैली से प्रदेश प्रभारी का स्वागत, 2027 के चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करने के निर्देश

Ad

टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विधानसभा चम्पावत मंगलवार को कांग्रेस के बड़े सियासी जमावड़े की गवाह बनी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव, सांसद एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने खर्कवाल गार्डन में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में धामी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पहले खटीमा से चम्पावत आए और अब उनकी गतिविधियां बता रही हैं कि वे चम्पावत से भी किसी दूसरी जगह की तलाश में हैं। चुनाव जीतना अलग बात है, लेकिन काम करके जनता का दिल जीतना अलग बात है।

इससे पहले बनबसा के जगबुड़ा पुल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश प्रभारी का जोरदार स्वागत किया। बाइक रैली के साथ नेताओं का काफिला बनबसा से टनकपुर पहुंचा। रास्ते में जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया गया। खर्कवाल गार्डन में पूर्णागिरि धाम के पुजारियों ने प्रसाद भेंटकर कुमारी शैलजा को सम्मानित किया।

बैठक को संबोधित करते हुए शैलजा ने कहा कि चम्पावत की जनता ने बड़ी उम्मीदों के साथ मुख्यमंत्री को मौका दिया था, लेकिन यहां के युवाओं और महिलाओं के सपने अब तक पूरे नहीं हुए। अंकिता भंडारी प्रकरण उठाते हुए उन्होंने सवाल किया कि आखिर बेटियों को इंसाफ कब मिलेगा और कितनी अंकिताओं के साथ अन्याय होगा? उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली सरकार में न्याय दिलाना तो दूर, अब अंकिता के चरित्र पर ही सवाल उठाए जा रहे हैं।

पेपर लीक प्रकरण पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल अपराध नहीं, बल्कि हजारों युवाओं के भविष्य और उनके परिवारों के सपनों के साथ खिलवाड़ है। रोजगार की उम्मीद टूटने से युवा पलायन कर रहे हैं और गांव खाली होते जा रहे हैं। हरियाणा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले महिलाओं और किसानों से बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन बाद में पात्रता के नाम पर अनेक लोगों को योजनाओं से बाहर कर दिया जाता है। उन्होंने महिलाओं से चुनावी वादों के झांसे में न आने की अपील की। साथ ही अगले चार-पांच दिनों में मंडल गठन पूरा करने और हस्ताक्षर अभियान तेज करने के निर्देश दिए।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि जल, जंगल और जमीन जनता की धरोहर हैं, लेकिन सरकार प्राकृतिक संसाधनों और पुराने सरकारी गेस्ट हाउसों तक को बेचने की स्थिति में पहुंच गई है। राज्य आंदोलन के शहीदों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड गठन के समय देखे गए सपने आज भी अधूरे हैं। गरीबों के घर तोड़े जा रहे हैं और स्कूल बंद हो रहे हैं।

चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि राज्य गठन के समय पानी और जवानी को उत्तराखंड की तरक्की का आधार बताया गया था, लेकिन आज न जल संसाधनों का समुचित उपयोग हो रहा है और न ही युवाओं को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अपने लिए सुरक्षित विधानसभा सीट तलाशने में जुटे हैं।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि चम्पावत उपचुनाव के बाद भी क्षेत्र में कोई बड़ा बदलाव नजर नहीं आया। अस्पतालों में डॉक्टर और दवाइयों की कमी है, जबकि स्कूल शिक्षकविहीन हैं। उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने कहा कि चम्पावत जिले के बड़े ठेकेदारों को पिछले पांच वर्षों में पेटीदार बनकर रहना पड़ा है, जबकि बाहर के राज्यों के लोगों को ठेके दिए जा रहे हैं।

नानकमत्ता विधायक गोपाल सिंह राणा ने कहा कि पंडित नारायण दत्त तिवारी के कार्यकाल में हुए विकास कार्य आज भी दिखाई देते हैं, जबकि वर्तमान में किसान, युवा और महिलाएं परेशान हैं। कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने कहा कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र में आवासीय विद्यालय से लेकर जवाहर नवोदय विद्यालय तक की योजनाओं पर काम हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि वे अपनी कई अधूरी घोषणाएं गिना सकते हैं, लेकिन यदि मुख्यमंत्री उनके कार्यकाल की एक भी अधूरी घोषणा साबित कर दें तो वे अपनी हार स्वीकार कर लेंगे।

कार्यक्रम का संचालन हेम जोशी ने किया। इस दौरान कांग्रेस के सह प्रभारी मनोज यादव, जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल, एससी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल, पूर्व जिलाध्यक्ष निर्मला गहतोड़ी, जिला पंचायत सदस्य भवानी टम्टा, गजेंद्र पाल, कैलाश राम, डॉ. विनोद कुमार जोशी, सतीश पांडेय समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Ad