चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

लोहाघाट : बंतोली में इनोवा की टक्कर से स्कूटी के उड़े परखच्चे, हेलमेट ने बचाई 21 वर्षीय युवक की जान

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट-घाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण हादसा, स्कूटी सवार के बाएं पैर में फ्रैक्चर; पुलिस ने इनोवा और चालक को लिया हिरासत में

लोहाघाट/चम्पावत। लोहाघाट-घाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह बंतोली के पास तेज रफ्तार इनोवा ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार 21 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। गनीमत रही कि युवक ने हेलमेट पहना हुआ था, जिससे उसकी जान बच गई।

Ad

जानकारी के अनुसार, निर्मल सिंह बिष्ट (21) पुत्र बलवंत सिंह बिष्ट निवासी तल्ला बापरू बुधवार सुबह स्कूटी से लोहाघाट की ओर आ रहा था। इसी दौरान बंतोली के पास सामने से तेज गति से आ रही इनोवा ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद माही बोरा, अमन, भूपाल और ग्राम प्रधान नारायण सिंह फर्त्याल ने तत्परता दिखाते हुए शिक्षक बजीर सिंह की कार से घायल युवक को उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार युवक के बाएं पैर में फ्रैक्चर हुआ है, हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

हेलमेट ने बचाई जान, स्कूटी के उड़े परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा काफी भीषण था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि युवक के हेलमेट पहने होने के कारण सिर में गंभीर चोट नहीं आई और उसकी जान बच गई।

सड़क पर फैला मलबा बना हादसे की वजह?

प्रत्यक्षदर्शियों ने दुर्घटना स्थल पर सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माण कार्य के चलते सड़क किनारे और मार्ग पर फैला मलबा अब तक नहीं हटाया गया है। इससे सड़क काफी संकरी हो गई है और वाहनों की आवाजाही में खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क से मलबा हटाने और यातायात को सुरक्षित बनाने की मांग की है। इधर, दुर्घटना की सूचना पर पुलिस और राजस्व उपनिरीक्षक नीरज कुमार अस्पताल पहुंचे और घायल युवक का हाल जाना। पुलिस इनोवा वाहन और उसके चालक को थाने ले आई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


ं

Ad