शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बारातियों से भरी बोलेरो खाई में गिरी, चार की मौत, छह घायल
रुद्रप्रयाग के क्यूंजा घाटी में देर रात हुआ दर्दनाक हादसा, पोखरी से शादी समारोह संपन्न कर लौट रहे थे बाराती; चार घायलों की हालत गंभीर, श्रीनगर रेफर
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। अगस्त्यमुनि ब्लॉक की क्यूंजा घाटी में बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर बारातियों से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई। शादी समारोह की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब नौ बजे पोखरी क्षेत्र में शादी समारोह संपन्न होने के बाद बोलेरो वाहन बारातियों को लेकर रांसी की ओर लौट रहा था। इसी दौरान बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें 108 एंबुलेंस के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। थाना प्रभारी गुमान सिंह नेगी और कांस्टेबल सोनू गोदियाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ रुद्रप्रयाग सहित बचाव दलों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
अंधेरा और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि, स्थानीय लोगों के सहयोग से बचाव दलों ने रातभर अभियान चलाकर सभी लोगों को खाई से बाहर निकाला। छह घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें दो लोगों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि चार की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेस अस्पताल श्रीनगर गढ़वाल रेफर किया गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद रांसी, गोंडार और आसपास के गांवों में शोक की लहर है। जिस परिवार में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां इस हादसे ने गहरा दुख छोड़ दिया है। पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

