लोहाघाट कांग्रेस में टिकट की जंग तेज, शैलजा के सामने ही विधायक के खिलाफ नारेबाजी
मानेश्वर में चिराग फर्त्याल समर्थकों का शक्ति प्रदर्शन, ‘हमारा विधायक कैसा हो, चिराग फर्त्याल जैसा हो’ के गूंजे नारे; मुन्ना ढेक समर्थकों ने भी उठाई नेतृत्व परिवर्तन की मांग
लोहाघाट/चम्पावत। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही चम्पावत जिले की लोहाघाट विधानसभा सीट पर कांग्रेस की अंदरूनी कलह खुलकर सामने आने लगी है। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी एवं सांसद कुमारी शैलजा के चम्पावत दौरे से पहले ही पार्टी में टिकट की दावेदारी और नेतृत्व परिवर्तन को लेकर खींचतान तेज हो गई। बुधवार को मानेश्वर में जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिराग फर्त्याल के समर्थकों ने शक्ति प्रदर्शन कर अपनी राजनीतिक ताकत का अहसास कराया। वहीं मुन्ना ढेक समर्थकों ने भी मौजूदा विधायक के खिलाफ नेतृत्व परिवर्तन की मांग उठाकर कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को गरमा दिया।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के मानेश्वर पहुंचने पर चिराग फर्त्याल समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान समर्थकों ने जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया और ‘हमारा विधायक कैसा हो, चिराग फर्त्याल जैसा हो’ के नारे लगाए। इन नारों को लोहाघाट विधानसभा सीट पर वर्ष 2027 के चुनाव के लिए चिराग फर्त्याल की दावेदारी के रूप में देखा जा रहा है। समर्थकों के इस प्रदर्शन ने साफ संकेत दिया कि जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल भी टिकट की दौड़ में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने में जुटे हैं।
दूसरी ओर, मुन्ना ढेक समर्थकों ने भी नेतृत्व परिवर्तन की मांग उठाकर पार्टी के भीतर चल रही खींचतान को और हवा दे दी। बताया जा रहा है कि समर्थकों ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के सामने मौजूदा विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के स्थान पर नए चेहरे को मौका देने की मांग रखी।
विधायक के आवास के बाहर भी गूंजे विरोध के नारे
मानेश्वर से चिराग फर्त्याल समर्थकों का जुलूस लोहाघाट पहुंचा। यहां से प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ समर्थक विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के आवास की ओर रवाना हुए। इस दौरान चिराग फर्त्याल और मुन्ना ढेक समर्थक भी विधायक आवास के बाहर पहुंच गए। यहां समर्थकों ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी की और उन पर पार्टी में गुटबाजी को बढ़ावा देने के आरोप लगाए। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट बदलकर नए चेहरे को मौका देने की मांग भी उठाई।
इस घटनाक्रम ने लोहाघाट कांग्रेस में लंबे समय से अंदरखाने चल रही खींचतान को सार्वजनिक कर दिया है। एक ओर विधायक खुशाल सिंह अधिकारी अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल और मुन्ना ढेक की सक्रियता ने पार्टी के भीतर नए राजनीतिक समीकरणों की चर्चा तेज कर दी है।
स्वागत की तैयारियों से दूरी बनाने के संकेतों की भी चर्चा
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि कुमारी शैलजा के स्वागत के लिए लोहाघाट क्षेत्र में चिराग फर्त्याल समर्थकों की ओर से बड़ी संख्या में होर्डिंग लगाए गए थे और व्यापक तैयारियां की गई थीं। हालांकि, बाद में उन्हें कार्यक्रम से दूरी बनाए रखने के संकेत दिए जाने की बात भी सामने आ रही है। इस संबंध में पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। इधर, चर्चा है कि चिराग फर्त्याल आने वाले दिनों में समर्थकों के साथ अलग से बड़ा शक्ति प्रदर्शन कर सकते हैं।
रामलीला मैदान की जनसभा पर टिकी निगाहें
बुधवार को लोहाघाट के रामलीला मैदान में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा की प्रस्तावित जनसभा को लेकर अब सबकी निगाहें टिकी हैं। जनसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश सह प्रभारी मनोज यादव, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी प्रस्तावित है। चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, खटीमा विधायक भुवन कापड़ी और वरिष्ठ कांग्रेस नेता करण माहरा की मौजूदगी भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए लोहाघाट सीट पर संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। हाल ही में पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता पूरन सिंह कठायत को लोहाघाट विधानसभा का प्रभारी बनाए जाने को भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के नेतृत्व में हुई संगठनात्मक बैठक में भी जनसभा को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई थी।
युवाओं में चिराग की मजबूत पकड़, अधिकारी के सामने बढ़ी चुनौती!
राजनीतिक चर्चाओं के मुताबिक, चिराग फर्त्याल समर्थकों का दावा है कि युवाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ है और संगठन में भी उन्हें व्यापक समर्थन हासिल है। बताया जा रहा है कि समर्थकों की संख्या और सक्रियता के मामले में वह विधायक खुशाल सिंह अधिकारी को कड़ी चुनौती देने की स्थिति में हैं। हालांकि, इस दावे की वास्तविक राजनीतिक ताकत का आकलन आने वाले दिनों में होने वाले शक्ति प्रदर्शनों से ही होगा।
फिलहाल सवाल यही है कि कुमारी शैलजा लोहाघाट कांग्रेस में उभर रही इस गुटबाजी को किस तरह संभालती हैं और वर्ष 2027 के चुनाव में टिकट वितरण को लेकर पार्टी क्या रणनीति अपनाती है। चुनाव से पहले ही लोहाघाट कांग्रेस में टिकट की दावेदारी, नेतृत्व परिवर्तन और वर्चस्व की लड़ाई ने राजनीतिक माहौल गर्मा दिया है।

