दिवाली पर घर लौटे चार दोस्तों की दर्दनाक मौत, IIM उत्तराखंड में तैनात असिस्टेंट मैनेजर भी हादसे का शिकार
तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराकर पांच बार पलटी, एयरबैग खुलने के बावजूद नहीं बची चारों की जान; छह महीने पहले हुई थी अभिषेक की शादी, परिवार का था इकलौता बेटा
बलिया/उत्तर प्रदेश। दिवाली की खुशियां मनाने गांव लौटे चार दोस्तों का सफर मौत के साथ खत्म हो गया। शनिवार रात घूमकर घर लौट रहे चार युवकों की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार करीब पांच बार पलटते हुए सड़क से लगभग 20 मीटर दूर गड्ढे में जा गिरी। हादसे में चारों दोस्तों की मौत हो गई। मृतकों में उत्तराखंड स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत 29 वर्षीय अभिषेक पटेल भी शामिल थे। चार युवकों की एक साथ मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, बलिया जिले के गौवापार गांव निवासी अभिषेक पटेल, कुणाल पासवान (22), गोलू ठाकुर (23) और धनंजय पटेल (26) शनिवार शाम फॉक्सवैगन वर्टूस कार से नगरा बाजार घूमने गए थे। रात करीब 9:30 बजे गांव लौटते समय नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुआडीह के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर के बाद वाहन कई बार पलटता हुआ गड्ढे में जा गिरा।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण चारों युवक अंदर फंस गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार का दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। चारों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अभिषेक और कुणाल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल गोलू और धनंजय को प्राथमिक उपचार के बाद मऊ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया। हादसे के दौरान कार के एयरबैग भी खुल गए थे, लेकिन चारों की जान नहीं बच सकी।

छह महीने पहले हुई थी शादी, परिवार का इकलौता बेटा था अभिषेक
इस हादसे ने सबसे ज्यादा अभिषेक पटेल के परिवार को तोड़कर रख दिया है। 29 वर्षीय अभिषेक परिवार के इकलौते बेटे थे और उत्तराखंड स्थित IIM में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। दिवाली से एक दिन पहले ही वह गांव पहुंचे थे। करीब छह महीने पहले उनकी शादी आकांक्षा सिंह से हुई थी। उनके पिता प्रमोद पटेल खेती-किसानी करते हैं, जबकि मां आशा सिंह पटेल सेवानिवृत्त शिक्षिका हैं। परिवार को अभिषेक से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन एक सड़क हादसे ने परिवार का सहारा छीन लिया।
रेलवे की तैयारी कर रहा था कुणाल
22 वर्षीय कुणाल पासवान ने दो साल पहले आईटीआई की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद वह प्रयागराज में रहकर रेलवे की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। दिवाली से दो दिन पहले ही वह घर आया था। परिजनों के मुताबिक, शनिवार शाम करीब छह बजे उसने अपनी मां शीला देवी से खीर बनाने के लिए दूध लाने की बात कही थी। इसके बाद वह दोस्तों के साथ बाजार चला गया। परिवार को क्या पता था कि घर से निकला बेटा कभी वापस नहीं लौटेगा। कुणाल चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसके पिता रविंद्र प्रसाद निजी वाहन चालक हैं।
सरकारी शिक्षक बनने का सपना रह गया अधूरा
26 वर्षीय धनंजय पटेल एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत था। नौकरी के साथ-साथ वह सरकारी शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी भी कर रहा था। तीन भाइयों में सबसे छोटा धनंजय अपने परिवार का सहारा बनना चाहता था। उसके पिता रामप्रकाश खेती करते हैं और मां हंसा देवी गृहिणी हैं। उसकी बहन रीना की शादी हो चुकी है। धनंजय की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं, 23 वर्षीय गोलू ठाकुर भी सेना और पुलिस में भर्ती होने की तैयारी कर रहे थे। चारों दोस्त अपने भविष्य को संवारने के सपने लेकर आगे बढ़ रहे थे, लेकिन एक भीषण सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली।
सीओ रसड़ा रजनीश कुमार के अनुसार, चारों युवक गौवापार गांव के निवासी थे और बाजार से लौटते समय यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक ही गांव के चार युवकों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। किसी परिवार ने इकलौता बेटा खोया तो किसी ने अपने घर का भविष्य। दिवाली पर अपनों के साथ खुशियां बांटने गांव लौटे चारों दोस्तों के घर अब मातम पसरा है। जिन घरों में त्योहार की तैयारियां हो रही थीं, वहां अब अपनों को खोने का गम और चीख-पुकार सुनाई दे रही है।

